स्विमिंग पूल में नेशनल प्लेयर पर हमला: बेल्ट से बेरहमी से पीटा, पानी में लात-घूंसों की बरसात; VIDEO वायरल

अलवर के रूपबास स्थित एक निजी स्विमिंग पूल में नेशनल स्विमिंग प्लेयर मन्थन चौधरी (20) के साथ चार युवकों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें युवक मन्थन को बेल्ट से मारते और धक्का देते हुए दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित के पिता की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

ट्रेजरी ऑफिस के सहायक प्रशासनिक अधिकारी ओमप्रकाश चौधरी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उनका बेटा मन्थन चौधरी बेंगलुरु में पढ़ाई के साथ-साथ स्विमिंग की प्रोफेशनल प्रैक्टिस करता है और नेशनल स्तर का खिलाड़ी है। वह करीब 10 दिन पहले उनसे मिलने अलवर आया था। प्रैक्टिस जारी रखने के लिए उन्होंने रूपबास स्थित क्लब-57 के स्विमिंग पूल में उसके अभ्यास की व्यवस्था कराई थी।

शिकायत के अनुसार 9 जून की शाम करीब 5 बजे मन्थन स्विमिंग पूल में अभ्यास कर रहा था। उसी दौरान वहां छह युवक मौजूद थे, जिनमें चार पूल के अंदर और दो बाहर थे। मन्थन ने उनसे कहा कि अभ्यास के लिए पूल की दीवार के पास करीब चार फीट जगह छोड़ दें ताकि वह अपनी ट्रेनिंग कर सके। आरोप है कि इसी बात पर युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।

रिपोर्ट के मुताबिक जब मन्थन ने इस संबंध में वहां मौजूद स्टाफ से शिकायत की तो युवक और भड़क गए। आरोप है कि एक युवक ने बेल्ट निकालकर उसकी पीठ पर वार किया और धक्का दे दिया। इसी दौरान स्विमिंग पूल की लाइट चली गई, जिससे सीसीटीवी कैमरे बंद हो गए। शिकायत के अनुसार इसके बाद चारों युवकों ने मन्थन को पानी के अंदर लात-घूंसों से जमकर पीटा।

ओमप्रकाश चौधरी का आरोप है कि मारपीट करने वालों में मुख्य आरोपी जावेद है। इसके अलावा जाहूल और राहुल नाम के युवक भी घटना में शामिल थे, जबकि एक अन्य युवक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के नाम उन्हें स्विमिंग पूल संचालकों की ओर से बताए गए हैं। शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि घटना के समय आरोपी नशे की हालत में थे।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com