पुलिस का बड़ा छापा: वाशिंग पाउडर फैक्ट्री में चल रहा था गुटखा कारोबार, 12 हिरासत में

दुर्ग जिले के अंडा थाना क्षेत्र के ग्राम कुथरेल में पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने वाशिंग पाउडर बनाने की आड़ में कथित तौर पर जर्दायुक्त गुटखा तैयार किए जाने की सूचना पर दो फैक्ट्री में छापा मारा।
कार्रवाई के दौरान मौके से तीन मशीनें जब्त की गई हैं। पुलिस और खाद्य विभाग की टीम फैक्ट्री परिसर की जांच कर रही है और वहां मौजूद सामग्री की भी जांच की जा रही है।
12 लोगों को हिरासत में लिया
पुलिस ने इस मामले ने अब तक 12 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस जब्त किए गए गुटखे को खाद्य विभाग के सहयोग से सैंपलिंग के लिए भेजेगी। सैंपल रिपोर्ट आने के बाद इसमें और भी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने दोनों गोदाम को सील कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री में वाशिंग पावडर उत्पादन की आड़ लेकर दूसरे उत्पाद तैयार किए जा रहे थे। हालांकि, जब्त सामग्री और उत्पादन की प्रकृति को लेकर अंतिम पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही होगी।
एसडीओपी अनुप लकड़ा ने बताया कि मामले की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस और खाद्य विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और दस्तावेजों तथा जब्त सामान की जांच कर रही है।











