TI के खिलाफ उग्र विरोध: पेट्रोल लेकर टंकी पर चढ़े युवक, कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा

छत्तीसगढ़ के कोरबा में 2 युवकों ने TI पर मारपीट और 24 हजार रुपए रिश्वत लेने का आरोप लगाया है। गुरुवार सुबह हरदीबाजार टीआई पर कार्रवाई की मांग को लेकर दोनों पानी टंकी पर चढ़ गए। वहां टंकी पर पेट्रोल डालकर आग लगाई और TI को सस्पेंड नहीं करने पर सुसाइड की धमकी दी।
मामला हरदीबाजार थाना क्षेत्र का है। दोनों युवकों के टंकी पर चढ़ने का वीडियो वायरल हो रहा है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। समझाइश के 3 घंटे बाद दोनों को नीचे उतारा गया।
दरअसल यह मामला जुआ-सट्टा से जुड़ा हुआ है। मामले में TI प्रमोद कुमार ने आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि दोनों युवक जुआ फड़ चलाते हैं।
अब जानिए क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, पानी टंकी पर चढ़े युवकों का नाम रफीक मोहम्मद (22) और दीपेश निर्मलकर (23) है। दोनों ग्राम नेवसा के रहने वाले हैं। उन्होंने हरदीबाजार TI प्रमोद कुमार डनसेना पर मारपीट और साढ़े 23 हजार रुपए रिश्वत लेने का आरोप लगाया है।
मंगलवार (9 जून) को पुलिस ने उन्हें ग्राम सिरली के पास से पकड़ा था। आरोप है कि ‘थाने ले जाकर जुआ खेलाते हो’ कहकर लाठी-डंडों और बेल्ट से बेरहमी से उन्हें पीटा गया। उसके बाद ‘दीपका ले जाकर भागते हुए गिर गए हैं’ इस तरह का झूठा बयान जबरन लिखवाया गया।
जुआ कार्रवाई के बाद बढ़ा विवाद
हालांकि, जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया। वहीं, ग्रामीणों ने पुलिस पर जबरन घरों में घुसकर लोगों को थाने ले जाने का आरोप लगाया है।
गुरुवार (11 जून) सुबह कार्रवाई से नाराज रफीक और दीपेश पेट्रोल लेकर गांव के पानी टंकी पर चढ़ गए थे। काफी समझाइश के बाद उतरे।
पत्नी बोली- पुलिस गुंडागर्दी कर रही
जुआ खिलाने के मामले में गिरफ्तार अनवर अली की पत्नी शफीना बेगम ने बताया कि मंगलवार को पुलिस उनके पति को घर से गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई थी।
अगले दिन पुलिस दोबारा घर पहुंची और उनके पति के बारे में पूछताछ करने लगी, जबकि पुलिसकर्मी ही उन्हें अपने साथ ले गए थे। शफीना का कहना है कि उनके पति 4 दिनों से घर नहीं लौटे हैं और इसके लिए पुलिसकर्मी जिम्मेदार हैं। उन्होंने पुलिस पर गुंडागर्दी का आरोप भी लगाया है।
TI ने आरोपों को बताया गलत
इस मामले में TI प्रमोद कुमार डनसेना ने आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि दोनों युवक इस एरिया में जुआ फड़ संचालित करते हैं। सूचना मिलने पर उन्हें पकड़ा गया था और उनके खिलाफ धारा 151 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।











