लंबे इंतजार के बाद सड़क निर्माण शुरू: 18 महीने में बनेगी राजनांदगांव-मानपुर रोड, फिलहाल राहत नहीं

राजनंदगांव-मानपुर सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया है, लेकिन टेंडर प्रक्रिया में हुई देरी के कारण इसे पूरा होने में कम से कम 18 महीने लगेंगे। इस वजह से स्थानीय लोगों को इस मानसून में भी जर्जर सड़क से गुजरना पड़ेगा।

96.5 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर कुल 300 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। वर्तमान में सड़क की चौड़ाई 7 मीटर है, जिसे बढ़ाकर 10 मीटर किया जाएगा।

सड़क का पुराना टेंडर सांसद संतोष पांडेय की शिकायत के बाद रद्द कर दिया गया था। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने इसे दो हिस्सों में बांटकर नए सिरे से टेंडर जारी किया।

राजनंदगांव पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन अभियंता सुनील कुमार चौरसिया ने बताया कि दो हिस्सों में टेंडर जारी होने के बाद सड़क का काम शुरू हो गया है। नगरीय क्षेत्रों में नालियों का निर्माण बारिश के बाद किया जाएगा। सड़क को 18 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

इस परियोजना में राजनंदगांव डिवीजन का 36.70 किलोमीटर और मोहला-मानपुर डिवीजन का 59.50 किलोमीटर का हिस्सा शामिल है।

टेंडर प्रक्रिया में हुई देरी के कारण यह परियोजना एक साल पीछे चल रही है। सड़क की खराब स्थिति के चलते लोग मुख्य मार्ग के बजाय दल्लीराजहरा सड़क का उपयोग कर राजनंदगांव पहुंचने को मजबूर हैं, जिससे उन्हें अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है।

राजनंदगांव से मानपुर तक की यह सड़क कई सालों से बेहद खराब स्थिति में है। विशेष रूप से डोंगरगांव से अंबागढ़ चौकी के बीच डामर पूरी तरह से गायब हो चुका है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com