21 जून को होगी NEET-UG री-एग्जाम, जगदलपुर पहुंचाए गए सीलबंद प्रश्नपत्र, प्रशासन अलर्ट मोड पर

जगदलपुर। 21 जून को आयोजित होने वाली नीट यूजी (NEET-UG) 2026 री-एग्जाम को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसी क्रम में सोमवार को छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में भारतीय वायु सेना के विशेष विमान के जरिए परीक्षा के प्रश्नपत्र पहुंचाए गए। प्रश्नपत्रों को सीलबंद पेटियों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच विमान से उतारा गया और सीधे सुरक्षित स्ट्रॉन्ग रूम तक पहुंचाया गया।

सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष फोकस

प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में प्रश्नपत्रों को विमान से उतारने के बाद कड़े सुरक्षा घेरे में रखा गया। प्रश्नपत्रों को सुरक्षित स्ट्रॉन्ग रूम तक ले जाने की पूरी प्रक्रिया गोपनीयता के साथ संपन्न की गई। सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय प्रशासन ने हर चरण पर विशेष सतर्कता बरती ताकि किसी भी प्रकार की चूक की संभावना न रहे।

पेपर लीक मामलों के बाद बढ़ी सतर्कता

गौरतलब है कि पिछले वर्षों में परीक्षा से जुड़े पेपर लीक के मामलों ने राष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ाई थी। इसी को देखते हुए इस बार प्रश्नपत्रों के परिवहन और भंडारण की व्यवस्था को और अधिक सुरक्षित बनाया गया है। प्रशासन का दावा है कि परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।

एडमिट कार्ड जारी, अभ्यर्थी करें डाउनलोड

इस बीच राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने NEET-UG 2026 री-एग्जाम के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। परीक्षा 21 जून को सुबह आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन संख्या और पासवर्ड की सहायता से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।

बैंक खाते की जानकारी सत्यापित करने की सलाह

एनटीए ने अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने से पहले अपने बैंक खाते से संबंधित विवरणों का सत्यापन करने की भी सलाह दी है। इससे रिफंड प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने के निर्देश भी दिए गए हैं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com