रायपुर में चाकू की नोक पर 10 लाख की लूट: ठेकेदार के अकाउंटेंट से नकदी से भरा बैग छीनकर बाइक सवार बदमाश फरार

राजधानी रायपुर से लगे मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में मंगलवार रात लूट की बड़ी वारदात सामने आई।

बाइक सवार बदमाशों ने चाकू की नोक पर एक ठेकेदार के अकाउंटेंट से 10 लाख रुपए से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

अब पढ़े क्या है पूरा मामला

मंदिर हसौद पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित सागर डेहरिया एक ठेकेदार के यहां अकाउंटेंट के रूप में काम करता है। मंगलवार रात वह सेरीखेड़ी से नया रायपुर की ओर जा रहा था। उसके पास ठेके से जुड़े काम के लिए करीब 10 लाख रुपए नकद रखे हुए थे। इसी दौरान मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के सुनसान रास्ते पर बाइक सवार बदमाशों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया।

बताया जा रहा है कि बदमाशों ने मौका देखकर रास्ते में अकाउंटेंट की बाइक रुकवा ली। इसके बाद आरोपियों ने चाकू निकालकर उसे डराया-धमकाया और नकदी से भरा बैग छीन लिया। वारदात के बाद आरोपी बाइक से तेज रफ्तार में फरार हो गए। पीड़ित ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही पुलिस

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके अलावा पुलिस ने बदमाशों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें भी बनाई हैं।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि लुटेरों को नकदी के बारे में पहले से जानकारी थी। इसी वजह से पुलिस अब इस दिशा में भी जांच कर रही है कि कहीं वारदात में किसी परिचित या अंदरूनी व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है। पुलिस पीड़ित और संबंधित लोगों से पूछताछ कर पूरी जानकारी जुटा रही है।

आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा: पुलिस

मंदिर हसौद थाना निरीक्षक का कहना है कि मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। राजधानी से लगे इलाके में हुई इस घटना ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com