महाराष्ट्र में कल होगा विधान परिषद चुनाव: 17 में से 6 सीटों पर महायुति निर्विरोध जीत चुकी, इन 11 सीटों पर होगा मुकाबला

महाराष्ट्र विधान परिषद की 17 स्थानीय प्राधिकरण निर्वाचन क्षेत्रों की सीटों पर सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन ने 17 में से 6 सीटों पर पहले ही निर्विरोध जीत हासिल कर अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया है, जबकि शेष 11 सीटों पर 18 जून यानी कल मतदान होगा। चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार मतगणना 22 जून को होगी। आपको बता दें कि इन छह सीटों में भाजपा को दो, शिवसेना को दो और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) को दो सीटें मिली हैं। महायुति के सीट बंटवारे के तहत भाजपा 11 सीटों, शिवसेना 4 सीटों और एनसीपी 2 सीटों पर चुनाव लड़ रही थी।
महायुति के निर्विरोध विजयी उम्मीदवार
1- वर्धा-गड़चिरोली-चंद्रपुर : अरुण लखानी (भाजपा)
2 – अहिल्यानगर : प्राजक्त तनपुरे (भाजपा)
3 – ठाणे : रवींद्र फाटक (शिवसेना)
4 – यवतमाल : दुष्यंत चतुर्वेदी (शिवसेना)
5 – रायगढ़-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग : अनिकेत तटकरे (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी)
6 – पुणे : विक्रम काकड़े (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी)
इन सभी उम्मीदवारों को संबंधित स्थानीय स्वराज्य संस्था निर्वाचन क्षेत्रों से महाराष्ट्र विधान परिषद का सदस्य निर्विरोध चुना गया है।
एनसीपी का शत-प्रतिशत प्रदर्शन
महायुति में शामिल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को सीट बंटवारे में केवल दो सीटें मिली थीं—पुणे और रायगढ़-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग । पार्टी ने दोनों सीटों पर निर्विरोध जीत हासिल कर 100 प्रतिशत सफलता दर्ज की है। इससे उपमुख्यमंत्री और एनसीपी नेतृत्व को राजनीतिक मजबूती मिली है।
इन सीटों पर होगा चुनाव
1. सोलापुर: राजेंद्र राऊत (भाजपा) बनाम वसंतराव देशमुख (राष्ट्रवादी कांग्रेस शरदचंद्र पवार)
2. जलगांव: नंदकिशोर महाजन (भाजपा) बनाम शरद तायडे (ठाकरे गुट की शिवसेना) बनाम रेश्मा काले (शिंदे गुट की शिवसेना की बागी उम्मीदवार)
3. सांगली-सातारा: धैर्यशील कदम (भाजपा) बनाम अभयसिंह जगताप (राष्ट्रवादी कांग्रेस शरदचंद्र पवार) बनाम किशोर धुमाल (निर्दलीय)
4. नांदेड़: अमर राजूरकर (भाजपा) बनाम रामदास पाटिल (कांग्रेस)
5. नागपुर (उपचुनाव): डॉ. राजीव पोद्दार (भाजपा) बनाम अतुल लोंढे (कांग्रेस)
6. भंडारा-गोंदिया: नरेश ईश्वरकर (कांग्रेस समर्थित) बनाम अविनाश ब्राह्मणकर (भाजपा)
7. नासिक: गोकुल गीते (निर्दलीय) बनाम नरेंद्र दराडे (शिवसेना)
8. अमरावती : हर्षदीप देशमुख (कांग्रेस) बनाम प्रवीण पोटे (भाजपा) बनाम निलेश विश्वकर्मा (वंचित बहुजन आघाड़ी)
9. धाराशिव-लातूर-बीड़: बसवराज पाटिल (भाजपा) बनाम महेश देशमुख (कांग्रेस)
10. परभणी-हिंगोली: सईद खान (शिवसेना) बनाम डॉ. विवेक नावंदर (ठाकरे गुट की शिवसेना) बनाम सुशील देशमुख (निर्दलीय)
11. छत्रपति संभाजीनगर-जालना: सुहास शिरसाट (भाजपा) बनाम गणेश लोखंडे (ठाकरे गुट की शिवसेना)।
विधान परिषद चुनाव 2026 का शेड्यूल
- चुनाव की अधिसूचना जारी – 25 मई
- नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि – 1 जून
- नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) – 2 जून
- नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि – 4 जून
- मतदान – 18 जून (सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक)
- मतगणना – 22 जून 2026











