छत्तीसगढ़ में दो अलग घटनाओं में 5 लोगों की मौत, इलाके में मातम

छत्तीसगढ़ के दो जिलों में दो अलग-अलग परिवारों के 5 सदस्यों ने खुदकुशी कर ली। पहला मामला जांजगीर-चांपा के नैला चौकी थाना क्षेत्र के ग्राम बिरकोनी का है, जहां पति से विवाद के बाद पत्नी बेटी को लेकर मायके चली गई। जब पति उसे वापस लेने ससुराल पहुंचा तो उसने लौटने से इनकार कर दिया।

इस बात से नाराज पति ने अपने दो बच्चों के सा​थ कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली। घर के अंदर पिता और उसके दो बच्चों के शव मिले हैं। यह मामला नैला चौकी थाना क्षेत्र के ग्राम बिरकोनी का है।

दूसरा मामला गरियाबंद जिले के पायलीखंड थाना क्षेत्र का है, जहां बुजुर्ग दंपती ने आत्महत्या कर ली। दोनों के शव घर से करीब 200 मीटर दूर जंगल में 20 से 30 मीटर की दूरी पर अलग-अलग पेड़ों से लटके हुए पाए गए। बुजुर्ग दंपती के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पुलिस ने आत्महत्या के दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।

जांजगीर: पति ने दो बच्चों संग की आत्महत्या

जानकारी के अनुसार, बिरकोनी गांव के रहने वाले रमेश कुमार पटेल (35) अपनी पत्नी मंगली बाई (28) और दो बेटे आदर्श (3 वर्ष) और अभिनव (2 वर्ष) और एक बेटी आरुषि (6 वर्ष) के सा​थ रहता था। रमेश को शराब पीने की लत थी, जिसकी वजह से पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता था।

चार दिन पहले रमेश का अपनी पत्नी से विवाद हुआ था। विवाद के बाद उसकी पत्नी अपनी बेटी आरुषि को लेकर मायके चली गई थी, जबकि दोनों छोटे बेटे आदर्श और अभिनव घर पर ही थे। 16 जून को रमेश पत्नी को वापस लाने उसके मायके गया था, लेकिन वह लौटने के लिए तैयार नहीं हुई।

बुधवार सुबह रमेश के पिता परदेशी पटेल गांव कटनाई गए हुए थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने उन्हें सूचना दी कि रमेश और उसके दोनों बच्चे घर में मृत पड़े हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच कर कीटनाशक के नमूने जुटाए हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रहा है कि तीनों की मौत कीटनाशक खाने से हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) उमेश कश्यप ने बताया कि पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका है कि रमेश ने पहले अपने दोनों बच्चों को जहर दिया और बाद में खुद भी कीटनाशक खा लिया। हालांकि, मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com