कटगोड़ी हत्याकांड के बाद प्रशासन सख्त: भाजपा नेता लल्ला सिंह की हत्या के बाद इलाके में धारा 163 लागू

कोरिया, 18 जून 2026। जिले के सोनहत तहसील अंतर्गत ग्राम कटगोड़ी में भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह की हत्या के बाद प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए जिला प्रशासन ने महलपारा बैकुंठपुर, नौगई तथा कटगोड़ी स्थित क्रेशर प्लांट क्षेत्र में धारा 163 लागू कर दी है।

कलेक्टर रोक्तिमा यादव द्वारा जारी आदेश के अनुसार चिन्हित क्षेत्रों में घातक हथियार, विस्फोटक सामग्री लेकर जुलूस, धरना-प्रदर्शन और आमसभा करने पर प्रतिबंध रहेगा। साथ ही आपत्तिजनक नारेबाजी, पोस्टर वितरण और शांति भंग करने वाली गतिविधियों पर भी रोक लगाई गई है।

पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह

जानकारी के अनुसार मंगलवार को हुए विवाद के बाद रात करीब 10:30 बजे भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह अपने साथियों योगेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह, मयंक सिंह और नागेंद्र सिंह के साथ ग्राम कटगोड़ी में मनोज त्रिपाठी के घर पहुंचे थे। इसी दौरान पुराने विवाद को लेकर मनोज त्रिपाठी, निशांत त्रिपाठी और अन्य आरोपियों ने उनकी फॉर्च्यूनर गाड़ी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

इस घटना में भरत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी नागेंद्र सिंह और वीरेंद्र सिंह ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।

300 मीटर क्षेत्र में विशेष प्रतिबंध

प्रशासन ने आदेश जारी कर कटगोड़ी स्थित क्रेशर प्लांट और आसपास के 300 मीटर क्षेत्र में विशेष प्रतिबंध लागू किए हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न न हो।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com