राहुल गांधी के दौरे से पहले भाजपा का वार, अजय चंद्राकर ने कांग्रेस की रणनीति पर उठाए सवाल

रायपुर। मुख्यमंत्री निवास में हुई मंत्रियों की हाई लेवल बैठक को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों पर भाजपा के वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने जोरदार पलटवार किया है। उन्होंने कांग्रेस के उस बयान को खारिज कर दिया, जिसमें सरकार के भीतर विस्फोटक स्थिति बनने की बात कही गई थी। चंद्राकर ने कहा कि वास्तविक विस्फोटक स्थिति कांग्रेस के भीतर है और पार्टी को पहले यह बताना चाहिए कि उसके नेता लगातार पार्टी क्यों छोड़ रहे हैं।
भाजपा की बैठक को बताया नियमित प्रक्रिया
मीडिया से चर्चा करते हुए अजय चंद्राकर ने कहा कि मुख्यमंत्री और भाजपा संगठन की ओर से समय-समय पर ऐसी बैठकें आयोजित की जाती हैं। यह पूरी तरह नियमित और संगठनात्मक प्रक्रिया का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अनावश्यक राजनीतिक अर्थ निकालने का प्रयास कर रही है।राहुल गांधी के दौरे पर कांग्रेस को घेरा
21 जून को राहुल गांधी के प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर भी भाजपा विधायक ने कांग्रेस पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को बताना चाहिए कि क्या राहुल गांधी के स्वागत के लिए भी गुलाब मंगवाए जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर पार्टी को बार-बार प्रशिक्षण की जरूरत क्यों पड़ रही है।
चंद्राकर ने कहा कि राहुल गांधी संभवतः पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को बधाई देने आ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि भूपेश बघेल जहां भी चुनाव प्रचार करने जाते हैं, वहां कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ता है।
शराब ओवररेटिंग मामले में कांग्रेस को नहीं बताया योग्य
प्रदेश में शराब की ओवररेटिंग के मुद्दे पर कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए अजय चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस को इस विषय पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में विभिन्न प्रकार के भ्रष्टाचार सामने आए थे और अब पार्टी नैतिकता की बात कर रही है।
इंडिया ब्लॉक पर भी साधा निशाना
इंडिया गठबंधन को लेकर भाजपा विधायक ने कहा कि गठबंधन के भीतर भगदड़ की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने दावा किया कि देश में राजनीतिक अस्थिरता फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। चंद्राकर ने कांग्रेस को जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाने की सलाह देते हुए कहा कि पार्टी में अब गिने-चुने लोग ही बचे हैं।










