UPI पेमेंट करते हैं लेकिन वॉलेट नहीं चलाते? PhonePe वसूल सकता है 100 रुपये चार्ज

फोनपे (PhonePe) के करोड़ों यूजर्स के लिए एक महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। कंपनी ने अपने वॉलेट से जुड़े नियमों में बदलाव करते हुए निष्क्रिय (Inactive) वॉलेट पर मेंटेनेंस फीस लगाने का फैसला किया है। नए नियम के तहत लंबे समय तक वॉलेट का इस्तेमाल नहीं करने वाले यूजर्स को 100 रुपये तक का शुल्क देना पड़ सकता है।
365 दिन तक वॉलेट इस्तेमाल नहीं किया तो लगेगा चार्ज
कंपनी के नए नियमों के अनुसार यदि कोई यूजर लगातार 365 दिनों तक अपने PhonePe वॉलेट से कोई वित्तीय लेनदेन नहीं करता है, तो उस वॉलेट को निष्क्रिय माना जाएगा। ऐसे मामलों में कंपनी 100 रुपये की इनएक्टिविटी मेंटेनेंस फीस वसूल सकती है।
यह शुल्क सभी यूजर्स पर लागू नहीं होगा, बल्कि केवल उन खातों पर लागू होगा जिनमें लंबे समय से कोई वॉलेट गतिविधि नहीं हुई है।
केवल UPI पेमेंट करने से नहीं बचेगा शुल्क
टेक टिप्स्टर अभिषेक यादव के अनुसार, कई लोग PhonePe ऐप का इस्तेमाल केवल बैंक अकाउंट से सीधे UPI भुगतान के लिए करते हैं और वॉलेट का उपयोग नहीं करते। ऐसे यूजर्स को यह समझना जरूरी है कि केवल ऐप खोलना या UPI ट्रांजैक्शन करना वॉलेट गतिविधि नहीं माना जाएगा।
अगर यूजर शुल्क से बचना चाहते हैं तो उन्हें समय-समय पर PhonePe वॉलेट के जरिए कोई वित्तीय लेनदेन करना होगा, जिससे वॉलेट सक्रिय बना रहे।
सोशल मीडिया पर उठे सवाल
नियमों में बदलाव की जानकारी सामने आने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कई यूजर्स ने इसकी आलोचना की है। कुछ लोगों का कहना है कि जब वे नियमित रूप से PhonePe का इस्तेमाल कर रहे हैं तो अतिरिक्त शुल्क लगाना उचित नहीं है। हालांकि कंपनी का कहना है कि यह शुल्क केवल निष्क्रिय वॉलेट खातों के रखरखाव से जुड़ी लागत को ध्यान में रखकर लगाया गया है।
PhonePe पहली कंपनी नहीं
डिजिटल पेमेंट इंडस्ट्री में इनएक्टिविटी फीस कोई नई बात नहीं है। इससे पहले MobiKwik भी निष्क्रिय वॉलेट पर शुल्क लगाने का नियम लागू कर चुकी है। ऐसे में PhonePe का यह कदम उद्योग में पहले से मौजूद प्रथाओं के अनुरूप माना जा रहा है।










