‘भाजपा सरकार जनता को लूट रही’-बिजली दरों को लेकर दलेश्वर का हमला

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर कबीरधाम जिला कांग्रेस कमेटी ने बिजली दरों में वृद्धि को लेकर एक प्रेस वार्ता आयोजित की। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रेस वार्ता प्रभारी और डोंगरगांव विधायक दलेश्वर साहू ने भाजपा सरकार पर जनता पर आर्थिक बोझ डालने का आरोप लगाया।
दलेश्वर साहू ने कहा कि भाजपा की विष्णुदेव साय सरकार बनने के बाद से बीते ढाई सालों में चार बार बिजली दरों में वृद्धि की गई है। इससे किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं और मध्यमवर्गीय परिवारों पर आर्थिक दबाव बढ़ा है।
सस्ती बिजली और बिल हाफ योजना का किया जिक्र
उन्होंने पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए बताया कि उस समय जनता को सस्ती बिजली उपलब्ध कराई गई थी। ‘बिजली बिल हाफ’ जैसी योजनाओं से लाखों परिवारों को राहत मिली थी।
हालांकि, वर्तमान भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही बिजली दरों में लगातार बढ़ोतरी की है। जून माह में प्रदेश के 45 लाख से अधिक बिजली उपभोक्ताओं के बिल औसतन तीन गुना तक बढ़कर आए हैं, जिससे लोगों में असंतोष है।
12% शुल्क और महंगे बिल
विधायक ने यह भी बताया कि बिजली के दाम बढ़ाने के साथ-साथ सरकार ने 12 प्रतिशत विद्युत शुल्क का अतिरिक्त बोझ भी जनता पर डाला है। प्रदेशभर में उपभोक्ताओं को मनमाने ढंग से बिजली बिल भेजे जा रहे हैं, जिससे वे परेशान हैं।










