मुख्यमंत्री ने योग को बताया स्वस्थ जीवन का आधार, अंबिकापुर में हजारों लोगों संग किया योगाभ्यास

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भी योगाभ्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि योग भारत की हजारों वर्ष पुरानी परंपरा है, जिसे ऋषि-मुनियों ने विकसित किया और आज यह पूरी दुनिया में स्वास्थ्य और संतुलित जीवन का माध्यम बन चुका है।
योग को पाठ्यक्रम से जोड़ने पर दिया जोर
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ बनाने के लिए योग को पाठ्यक्रम में शामिल किया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जो अब तक योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा नहीं बना पाए हैं, वे आज से इसकी शुरुआत करें। उनके अनुसार योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वास्थ्य और आरोग्य की गारंटी है तथा भारत की वैश्विक पहचान बन चुका है।
स्वस्थ समाज के निर्माण में योग की अहम भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि योग दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी जिलों और ग्रामीण क्षेत्रों तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं, जिनमें राज्यपाल, मंत्री और विधायक भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए योग बेहद आवश्यक है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति का शारीरिक और मानसिक विकास होता है, जिससे एक सशक्त समाज का निर्माण संभव है।
भ्रष्टाचार और आरोपों पर भी बोले मुख्यमंत्री
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने विभिन्न मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया भी दी। योग दिवस आयोजन को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर उन्होंने कहा कि आरोप लगाने वाले पहले अपने कार्यकाल की समीक्षा करें। वहीं, सड़क निर्माण कार्यों में कथित भ्रष्टाचार से जुड़े वायरल वीडियो पर उन्होंने कहा कि शिकायतों की जांच कर कार्रवाई की जा रही है। सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार और अपराध के मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।











