छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का कहर: जशपुर-कोरबा में 2 की मौत, हिट एंड रन के 2 मामलों समेत 5 लोग गंभीर घायल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को जशपुर, कोरबा और सरगुजा जिलों में हुए अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें हिट एंड रन के दो मामले भी सामने आए हैं, जिनमें एक डॉक्टर को कुचलने की कोशिश किए जाने का आरोप लगाया गया है।
बोलेरो की टक्कर से स्कूटी सवार युवक की मौत
जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बोलेरो ने स्कूटी सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।
ट्रैक्टर की चपेट में आने से युवक ने तोड़ा दम
कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के आमापाली के पास शक्ति मुख्य मार्ग पर एक दर्दनाक हादसे में एक्टिवा सवार युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने एक्टिवा को टक्कर मार दी, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है, हालांकि उसके पास मिले दस्तावेजों में रायगढ़ जिले के पटेलपाली निवासी गजानन चौहान का नाम दर्ज है। पुलिस पहचान की पुष्टि करने में जुटी है। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक फरार हो गया।
कार और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत, 4 घायल
सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र में रामगढ़ ढाबा के पास कार और ट्रक के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि बाइक सवार को बचाने के प्रयास में यह दुर्घटना हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
डॉक्टर को कुचलने की कोशिश का आरोप
कोरबा जिले के हरदीबाजार थाना क्षेत्र में हिट एंड रन का एक गंभीर मामला सामने आया है। जिला अस्पताल कोरबा में पदस्थ एमबीबीएस सर्जन डॉ. शक्ति डिक्सेना कार की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनकी दो पसलियां और अंगूठा फ्रैक्चर हो गया।
डॉ. डिक्सेना ने आरोप लगाया है कि टक्कर मारने के बाद आरोपी नाबालिग चालक ने वाहन को पीछे कर उन पर दोबारा चढ़ाने की कोशिश की। जान बचाने के लिए उन्हें खेत की ओर भागना पड़ा। घटना के बाद उन्होंने हरदीबाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील
लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, तेज रफ्तार से बचने और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि अधिकांश हादसे लापरवाही और तेज गति के कारण हो रहे हैं।










