दुर्गूकोंदल जनपद पंचायत में सीईओ के खिलाफ जनप्रतिनिधियों का प्रदर्शन, कार्यालय में तालाबंदी कर धरने पर बैठे सरपंच

कांकेर जिले के दुर्गूकोंदल जनपद पंचायत में सोमवार को उस समय माहौल गरमा गया, जब जनपद अध्यक्ष गोपी बधाई के नेतृत्व में जनपद सदस्य और सरपंच मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) के खिलाफ खुलकर विरोध में उतर आए। जनप्रतिनिधियों ने जनपद पंचायत कार्यालय में तालाबंदी कर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया और सीईओ को तत्काल हटाने की मांग की।

कमीशनखोरी और सरपंचों को परेशान करने के आरोप

धरने पर बैठे जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि सीईओ विकास कार्यों में अनावश्यक बाधाएं उत्पन्न कर रहे हैं और सरपंचों को लगातार परेशान किया जा रहा है। उनका कहना है कि विभिन्न विकास कार्यों के बदले कमीशन की मांग की जाती है, जिससे पंचायतों के काम प्रभावित हो रहे हैं और जनता को मिलने वाली सुविधाओं पर भी असर पड़ रहा है।

15 दिन पहले भी उठाई थी मांग, कार्रवाई नहीं होने से बढ़ा आक्रोश

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि करीब 15 दिन पहले भी प्रशासन के समक्ष सीईओ को हटाने की मांग रखी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी वजह से जनप्रतिनिधियों ने आंदोलन का रास्ता अपनाया और जनपद पंचायत कार्यालय में तालाबंदी कर धरने पर बैठ गए।

मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान

जनपद अध्यक्ष गोपी बधाई ने कहा कि जब तक सीईओ को हटाने और आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग पूरी नहीं होती, तब तक धरना-प्रदर्शन और तालाबंदी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों के सम्मान और विकास कार्यों में पारदर्शिता के लिए यह आंदोलन किया जा रहा है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com