इंस्टाग्राम रील के विवाद में गई जान: बीच-बचाव करने पहुंचे डीजे ऑपरेटर की हत्या, छह आरोपी गिरफ्तार

कोरबा के रामसागरपारा क्षेत्र में सोशल मीडिया पर डाली गई एक रील को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दो पक्षों के बीच हुए हमले के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे एक डीजे ऑपरेटर की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में पिता-पुत्र समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

रील को लेकर शुरू हुआ विवाद बना खूनी संघर्ष

जानकारी के अनुसार, रामसागरपारा क्षेत्र में महेंद्र गंगवानी और नदीम के बीच पहले से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि इंस्टाग्राम पर डाली गई एक रील के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव और बढ़ गया। रविवार रात महेंद्र अपने नाबालिग बेटे और साथियों के साथ नदीम को घेरने पहुंचा।

इस दौरान आरोपियों ने लाठी-डंडों और ईंटों से हमला कर दिया। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया और क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

बीच-बचाव करने पहुंचे युवक की मौत

हमले के दौरान डीजे ऑपरेटर रवि यादव दोनों पक्षों के बीच विवाद शांत कराने पहुंचा था। इसी दौरान उसके सिर पर डंडे से गंभीर चोट लगी। चोट इतनी गंभीर थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। आक्रोशित लोगों ने आरोपियों के घर पहुंचकर तोड़फोड़ की। मृतक के परिजनों ने देर रात कोतवाली थाने का घेराव कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

चक्काजाम के बाद पुलिस ने छह आरोपियों को पकड़ा

सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने कानून-व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताते हुए मुरारका पेट्रोल पंप के पास मुख्य मार्ग पर चक्काजाम किया। लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने मामले की जांच के दौरान घटना से जुड़े वीडियो और अन्य साक्ष्य जुटाए। इसके आधार पर मुख्य आरोपी महेंद्र गंगवानी, उसके बेटे समेत कुल छह आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com