Sion ROB Reconstruction में बड़ी सफलता, मध्य रेल ने लॉन्च किया 500 टन वजनी स्टील गर्डर

मध्य रेल ने सायन रोड ओवर ब्रिज के पुनर्निर्माण कार्य में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए माटुंगा और कुर्ला के बीच रात्रिकालीन ब्लॉक के दौरान 500 टन वजनी सेमी-थू स्टील गर्डर का सफलतापूर्वक लॉन्च किया है।
यह कार्य सीएसएमटी-कुर्ला पांचवीं व छठी लाइन परियोजना का हिस्सा है, जिसे मुंबई की रेलवे क्षमता बढ़ाने वाली महत्वपूर्ण परियोजनाओं में माना जाता है। चालू रेलवे लाइनों के ऊपर सीमित ब्लॉक अवधि में विशाल स्टील स्पैन की स्थापना और लॉन्चिंग को परियोजना के सबसे चुनौतीपूर्ण चरणों में से एक माना जा रहा है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक अंबाला में निर्मित इस स्टील गर्डर को कल्याण छोर के निकट साइट पर असेंबल किया गया था।
तकनीकी तैयारियां पूरी
अस्थायी ट्रेसल, लॉन्चिंग व्यवस्था और सरेखण जांच सहित सभी तकनीकी तैयारियां पूरी होने के बाद इसे सफलतापूर्वक स्थापित किया गया। अत्यधिक व्यस्त उपनगरीय रेल कॉरिडोर और घनी आबादी वाले क्षेत्र में इतने बड़े ढांचे की लॉन्चिंग को बड़ी इंजीनियरिंग उपलब्धि माना जा रहा है, जिसके लिए सूक्ष्म योजना, सटीक क्रियान्वयन और विभिन्न तकनीकी टीमों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक था।
अन्य कार्यों में आएगी तेजी
100 वर्ष से अधिक पुराने पुल की संरचनात्मक स्थिति को देखते हुए उसके पुनर्निर्माण का निर्णय लिया गया था। नए आरओबी में रेलवे ट्रैक के ऊपर पुल का स्पैन लगभग 40 मीटर से बढ़ाकर 54.5 मीटर किया जा रहा है, जिससे अतिरिक्त रेलवे लाइनों के निर्माण और भविष्य की परिचालन जरूरतों को समर्थन मिलेगा।
गर्डर लॉन्चिंग के बाद अब डेक स्लैब, सड़क निर्माण, उपयोगिता सेवाओं की पुनस्र्थापना और क्रैश बैरियर लगाने जैसे कार्यों में तेजी आएगी।
पुल शुरू होने पर ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे, एलबीएस मार्ग और धारावी के बीच महत्वपूर्ण पूर्व-पश्चिम सड़क संपर्क बहाल होगा, जिससे हजारों यात्रियों और वाहन चालकों को राहत मिलेगी।











