हाइड्रा क्रेन ने 3 बच्चों को कुचला, एक की मौत:दो की हालत गंभीर; दूध लेकर घर लौट रहे थे, पिता ने कहा था- ध्यान से जाना

जालोर में एक हाइड्रा क्रेन ने स्कूटी सवार तीन बच्चों को कुचल दिया। हादसे में 10 साल के मासूम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

इनमें से एक बच्चे को गंभीर हालत में जोधपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने क्रेन को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

हादसे के समय तीनों बच्चे दूध लेकर घर लौट रहे थे और सड़क पार करने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान हाइड्रा क्रेन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर इतनी तेज थी कि एक मासूम के शरीर का निचला हिस्सा पूरी तरह कुचल गया और उसकी मौत हो गई।

यह हादसा तृतीय औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार रात 7:30 बजे को हुआ था।

पिता ने कहा था- ध्यान से जाना, मैं दुकान बंद करके आता हूं

एएसआई बाबूलाल ने बताया कि सीकर हॉल के पास तीन बच्चे एक स्कूटी पर सवार होकर दूध लेकर अपने घर जा रहे थे।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक के पिता की किराने की दुकान है। तीनों बच्चे दुकान से दूध लेकर घर लौट रहे थे। परिजनों ने बताया कि पिता ने बच्चों से कहा था, “तुम लोग चलो, मैं दुकान बंद करके आता हूं, ध्यान से जाना।” लेकिन कुछ ही देर बाद हादसे की सूचना घर पहुंच गई।

सड़क पार करने का इंतजार कर रहे थे, तभी क्रेन ने कुचला

जालोर-बागरा रोड पर एक तरफ की सड़क पार करने के बाद तीनों बच्चे डिवाइडर के पास खड़े होकर दूसरी तरफ की सड़क पार करने का इंतजार कर रहे थे। तभी बागरा की ओर से आई हाइड्रा क्रेन ने तीनों को कुचल दिया।

घटना की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को जालोर ट्रोमा सेंटर पहुंचाया। वहां से 1 की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जोधपुर रेफर कर दिया गया, जबकि दूसरे घायल का इलाज जालोर में चल रहा है।

पुलिस ने क्रेन जब्त कर जांच शुरू की

सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को जालोर जिला हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया। शव का मंगलवार को पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपा जाएगा।

पुलिस ने हादसे के बाद हाइड्रा क्रेन को जब्त कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

बेटे की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

जिस बेटे को कुछ देर पहले पिता ने घर जाने के लिए कहा था, उसकी मौत की खबर ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com