कांकेर में नक्सलियों पर बड़ा प्रहार, संयुक्त सर्च ऑपरेशन में हथियार, वायरलेस और वर्दी बरामद

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सुरक्षाबलों ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। मंगलवार को चलाए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के आमाटोला जंगल से नक्सलियों का एक खुफिया डंप बरामद किया गया। डंप में हथियार, संचार उपकरण, वर्दी और नक्सली साहित्य समेत बड़ी मात्रा में सामग्री छिपाकर रखी गई थी।
संयुक्त अभियान में मिली सफलता
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर कांकेर पुलिस, बीएसएफ और बीडीएस की संयुक्त टीम सीमावर्ती और संवेदनशील इलाकों में लगातार सर्च अभियान चला रही है। इसी अभियान के दौरान आमाटोला के जंगल में जवानों को संदिग्ध स्थान दिखाई दिया। गहन तलाशी लेने पर वहां नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया खुफिया डंप मिला।
डंप से बरामद हुई ये सामग्री
सुरक्षाबलों ने डंप से 4 भारमार बंदूकें, 2 वायरलेस सेट, 1 रेडियो, 1 नक्सली वर्दी, 2 पोच, 1 चार्जर, 1 बैटरी तथा नक्सली साहित्य सहित अन्य उपयोगी सामग्री बरामद की। बरामद सामान को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए सुरक्षित बाहर निकाला गया।











