घर में ताजी गुलाब की पंखुड़ियां रखना क्यों माना जाता है शुभ?

आमतौर पर लोग अपने घरों को सजाने के लिए कई तरह के फूलों और पौधों का रखते हैं, लेकिन वास्तु शास्त्र में कुछ फूलों को विशेष महत्व दिया गया है. इन्हीं में से एक है गुलाब. यह फूल अपनी मनमोहक सुगंध और आकर्षक रंगों के कारण सभी को प्रिय होता है. गुलाब को न केवल सजावट के तौर पर उत्तम माना जाता है बल्कि ये पॉजिटिव एनर्जी का प्रतीक भी माना जाता है.
बहुत से लोग मानते हैं कि घर में ताजे गुलाब की पंखुड़ियां रखने से वातावरण में एक अनोखी ताजगी का एहसास होता है. गुलाब की प्राकृतिक सुगंध न केवल पूरे घर में फैलती है बल्कि मन को भी शांत करती है. यही कारण है कि पूजा घर, बैठक और घर के मुख्य द्वार के पास गुलाब की पंखुड़ियां रखने एक परंपरा है.
कांच के कटोरे में रखें गुलाब
वास्तु शास्त्र के अनुसार, एक साफ कांच के कटोरे में पानी भरकर उसमें ताजी गुलाब की पंखुड़ियां डालने से घर का वातावरण बेहतर हो सकता है. इस कटोरे को ताजी हवा वाली जगह पर रखना अच्छा माना जाता है. इससे गुलाब की हल्की खुशबू पूरे घर में फैल जाती है, जिससे ताजगी भरा वातावरण बनता है.
कई लोग गुलाब की पंखुड़ियों का इस्तेमाल प्राकृतिक रूम फ्रेशनर के रूप में भी करते हैं. इसकी खासियत यह है कि इसमें किसी कृत्रिम सुगंध या रसायन की जरूरत नहीं होती. गुलाब की खुशबू ही घर में सकारात्मक और शांतिपूर्ण वातावरण बनाने में मदद करती है. वास्तु शास्त्र के अनुसार, गुलाब की सुगंध मन को शांत करने में सहायक मानी जाती है. ऐसा माना जाता है कि यह तनाव को कम करती है और परिवार के सदस्यों के बीच प्रेम और सद्भाव का वातावरण बनाती है.
पूर्व दिशा में रखें गुलाब की पंखुड़ियां
कुछ लोग गुलाब की पंखुड़ियां पानी में डालने को आर्थिक समृद्धि और खुशहाली से भी जोड़ते हैं. हालांकि, यह पूरी तरह से आस्था और पारंपरिक मान्यताओं पर आधारित है. वास्तु शास्त्र में घर के पूर्व दिशा में गुलाब की पंखुड़ियों से भरा कटोरा रखना शुभ माना जाता है. ऐसा माना जाता है कि इससे पॉजिटिव एनर्जी का प्रवाह बढ़ता है और घर में संतुलित और सुखद वातावरण बना रहता है इसलिए अगर आप अपने घर में प्राकृतिक सुगंध और ताजगी बनाए रखना चाहते हैं, तो ताजी गुलाब की पंखुड़ियां एक आसान विकल्प हो सकती हैं.










