समृद्धि महामार्ग पर दर्दनाक हादसा: लोहे के सरियों से भरे कंटेनर में घुसी कार, डॉक्टर दंपती की मौके पर मौत

समृद्धि महामार्ग पर मंगलवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। लोहे के सरियों से भरे एक कंटेनर को पीछे से एक कार ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनके दो बच्चे और कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
यह हादसा मंगलवार सुबह करीब 6 बजे मुंबई कॉरिडोर पर चैनल नंबर 326 के पास सिंदखेड राजा तहसील के किनगांव राजा क्षेत्र में हुआ। एक तेज रफ्तार कार ने कंटेनर को पीछे से टक्कर मार दी। कहा जा रहा है कि यह हादसा कार की तेज रफ्तार के कारण हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी की कार का आगे का हिस्सा चकनाचूर हो गया।
इस हादसे में छत्रपति संभाजीनगर निवासी सैयद आसिफ सैयद उमर (52) और उनकी पत्नी गुलसितान बी सैयद आसिफ (45) की मौत हो गई। वहीं डॉ. सैयद की बेटी सबा सैयद आसिफ (18), बेटा सैयद अजबमाज आसिफ (25) और कार चालक शेख साजिद शेख फरीद घायल हो गए है। घायलों का छत्रपति संभाजीनगर में इलाज जारी है।
कैसे हुआ हादसा?
मिली जानकारी के अनुसार, पेशे से डॉक्टर सैयद अपने परिवार के साथ कार में नागपुर से छत्रपति संभाजीनगर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान, समृद्धि महामार्ग पर सिंदखेड राजा तहसील के किनगांव राजा क्षेत्र में लोहे के सरिए लेकर मुंबई की ओर जा रहे एक कंटेनर को उनकी कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
तेज रफ्तार ने ली जान
कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि ड्राइवर ने नियंत्रण को खो दिया और वह सीधे कंटेनर के पिछले पहियों के नीचे तक जा घुसी। टक्कर इतनी जबदस्त थी कि कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया। इस दर्दनाक हादसे में डॉ. सैयद और उनकी पत्नी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि कार में सवार उनके दो बच्चे और ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों का छत्रपति संभाजीनगर में इलाज जारी
हादसे के तुरंत बाद घायलों को सिंदखेड जारा ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को छत्रपति संभाजीनगर रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं मृतकों का सिंदखेड राजा ग्रामीण अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।











