छत्रपति संभाजीनगर जिला परिषद की नई इमारत का काम अंतिम चरण में, पर 12 करोड़ की अतिरिक्त निधि बनी बड़ी चुनौती

छत्रपति संभाजीनगर जिला परिषद की नई प्रशासनिक इमारत का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है, लेकिन शेष कार्यों को पूरा करने के लिए आवश्यक धनराशि की व्यवस्था प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती बन गई है। करीब 59.41 करोड़ रुपये की लागत वाले इस भवन के लिए शुरुआत में 47.33 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मंजूरी दी गई थी, लेकिन निर्माण लागत बढ़ने व अतिरिक्त कार्यों की आवश्यकता के चलते परियोजना लागत में 12.08 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी कर संशोधित मंजूरी प्रदान की गई।
मौजूदा इमारत में जगह की कमी, विभागीय कार्यों में वृद्धि तथा नागरिकों को विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने की परेशानी को देखते हुए आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए प्रशासनिक संकुल के निर्माण का निर्णय लिया गया था। सितंबर 2021 में कार्य शुरू हुआ था, योजना के अनुसार निर्माण मार्च 2024 तक पूरा होना था, लेकिन विभिन्न कारणों से कई बार समय वृद्धि देनी पड़ी।
जिप के बजट प्रावधानों के अनुसार फर्नीचर पर लगभग 10.50 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है, जबकि भवन व परिसर विकास के लिए 6 करोड़ रुपये की आवश्यकता बताई गई है। इसके अलावा विद्युत उपकेंद्र और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर भी अलग से खर्च किया जाएगा। प्रारंभिक स्वीकृत राशि अपर्याप्त साबित होने के बाद सरकार ने संशोधित मंजूरी प्रदान की। इसके बावजूद इसके लिए अतिरिक्त धनराशि की आवश्यकता बनी हुई है।
सितंबर में उद्घाटन की हो रही तैयारी
शेष कार्यों के लिए समय पर निधि उपलब्ध होने व निर्माण कार्य पूर्ण होने पर ही उद्घाटन की दिशा तय होगी। सितंबर में मराठवाड़ा मुक्ति संग्राम दिवस के अवसर पर यह शुरु करने की मंशा जताई गई है।











