रायगढ़ फैक्ट्री में अचानक फैला धुआं: जान बचाने को कूदे मजदूर, 4 घायल; ब्लास्ट की खबर से मचा हड़कंप

रायगढ़, 24 जून 2026

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले स्थित पूंजीपथरा औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार को रायगढ़ इस्पात संयंत्र में हुए कथित फर्नेस ब्लास्ट के बाद अफरा-तफरी मच गई। घटना में कम से कम चार मजदूर घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अपेक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फर्नेस में अधिक नमी (मॉइश्चर) जमा होने के कारण गैस बनने और उसके दबाव से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद संयंत्र परिसर में धुआं फैल गया, जिससे कर्मचारियों में दहशत का माहौल बन गया।

घायलों में अमरेश कुमार, फिरोज आलम खान और रामनाथ सूर्यवंशी शामिल हैं, जबकि एक अन्य घायल की पहचान नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की तैयारी की जा रही है।

हालांकि, रायगढ़ इस्पात संयंत्र के जीएम सुनील पांडा ने फर्नेस ब्लास्ट की बात से इनकार किया है। उनका कहना है कि बरसात के मौसम में रॉ मैटेरियल में नमी आ जाने से फर्नेस के भीतर गैस का निर्माण हो जाता है। गैस ऊपर निकलने के दौरान धुआं फैल गया, जिससे घबराकर कुछ मजदूरों ने ऊंचाई से छलांग लगा दी और घायल हो गए।

घटना के बाद उद्योग प्रबंधन के अधिकारी अस्पताल में मौजूद हैं। वहीं पुलिस और औद्योगिक स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com