भोजपुरी सिनेमा में काम करेंगे अक्षय कुमार, बोले- ये हॉलीवुड से भी बेहतर है

बॉलीवुड के ‘खिलाड़ी’ यानी अक्षय कुमार इन दिनों अपनी मच-अवेटेड मल्टीस्टारर फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ को लेकर सुर्खियों में छाए हुए हैं. हाल ही में फिल्म की पूरी स्टारकास्ट इसके एक नए गाने के ग्रैंड लॉन्च इवेंट पर एक साथ नजर आई. इस इवेंट में जमकर हंसी-मजाक हुआ और सितारों ने कई मजेदार खुलासे भी किए. लेकिन महफिल तो तब लुट गई, जब बातचीत के दौरान अचानक भोजपुरी सिनेमा और हॉलीवुड का जिक्र आ गया. भोजपुरी फिल्मों को लेकर अक्षय कुमार के एक बयान ने सोशल मीडिया पर खलबली मचा दी है

दरअसल, ‘वेलकम टू द जंगल’ के इस नए ट्रैक में एक भोजपुरी गाना भी शामिल है, जिसमें जैकलीन फर्नांडीज ये कहते हुए नजर आ रही हैं कि भोजपुरी इस बेटर देन हॉलीवुड (भोजपुरी हॉलीवुड से बेहतर है). इवेंट के दौरान जब अक्षय कुमार से पूछा गया कि क्या वो आगे चलकर भोजपुरी फिल्मों में काम करने की प्लानिंग कर रहे हैं? तो अक्षय ने सीधे तौर कहा बिल्कुल, क्यों नहीं? साथ में उन्होंने देश की क्षेत्रीय कला और संस्कृति की जमकर तारीफ की.

साथ अक्षय कुमार ने बेहद दिलचस्प अंदाज में भोजपुरी म्यूजिक की तुलना सीधे हॉलीवुड से कर दी. उन्होंने हंसते हुए कहा, “मैं सच में मानता हूं कि भोजपुरी तो हॉलीवुड से भी बेहतर है! (गाने में जैकलीन की लाइन का जिक्र करते हुए) मैंने खुद ये लाइन इस गाने में शामिल की है, क्योंकि हॉलीवुड वाले इस गाने को सुन नहीं सकते. अगर सुन भी लिया, तो उन्हें कुछ समझ नहीं आएगा. उन्होंने अपनी लाइफ में ऐसा गाना कभी देखा ही नहीं होगा.”

“अपनी संस्कृति पर है गर्व”

अक्षय यहीं नहीं रुके, उन्होंने भारतीय सिनेमा और यहां की विविध संस्कृति पर गर्व जताते हुए कहा कि हम बहुत गर्व से कह सकते हैं कि हमारे पास इतनी सारी संस्कृतियां हैं. हमारे देश के गानों में इतनी वैरायटी और अलग-अलग रंग देखने को मिलते हैं. हमें अपनी इस खूबसूरत संस्कृति और विविधता पर हमेशा नाज होना चाहिए. अक्षय के इस बयान के बाद अंदाजा लगाया जा रहा है कि वो आने वाले दिनों में भोजपुरी गानों या फिल्मों में भी अपना जलवा बिखेरते नजर आ सकते हैं.

3 नहीं, यहां तो 30 ‘इडियट्स’ हैं!

जब बात फिल्म की विशाल स्टारकास्ट पर पहुंची, तब अक्षय कुमार ने अपने मजाकिया अंदाज में कहा कि फिल्म ‘3 इडियट्स’ सिर्फ तीन किरदारों के साथ ब्लॉकबस्टर हो गई थी, लेकिन ‘वेलकम टू द जंगल’ में तो 30 से ज्यादा एक्टर्स हैं! अब आप खुद सोचिए कि इसमें एंटरटेनमेंट की संभावनाएं कितनी ज्यादा होंगी.

परेश रावल ने ‘हेरा फेरी 3’ पर तोड़ी चुप्पी

इस इवेंट में दिग्गज एक्टर परेश रावल भी मौजूद थे. पिछले काफी समय से ‘हेरा फेरी 3’ से उनके अलग होने की अफवाहें उड़ रही थीं, जिसे लेकर कानूनी नोटिस तक की खबरें आई थीं. लेकिन अब परेश रावल ने इन सभी अटकलों पर हमेशा के लिए विराम लगा दिया है. उन्होंने फिल्म का नाम लिए बिना मुस्कुराते हुए कहा कि जब तक हम लोग इस दुनिया में हैं, ‘हेरा फेरी’ चलती रहेगी. उनके इस एक बयान ने साफ कर दिया है कि बाबू भैया कहीं नहीं जा रहे हैं और फैंस को जल्द ही राजू, श्याम और बाबू भैया की आइकॉनिक तिकड़ी फिर से हंसाने आ सकती है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com