राहुल गांधी से बीजेपी डरती है, किसानों से लेकर कानून व्यवस्था तक सरकार हर मोर्चे पर फेल: भूपेश बघेल

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बिलासपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। मीडिया से बातचीत में उन्होंने अयोध्या राम मंदिर में हुई चोरी की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह महमूद गजनवी ने सोमनाथ मंदिर को लूटा था, उसी तरह आज आरएसएस और बजरंग दल के लोग देश को लूटने में लगे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि रायगढ़ से लेकर बस्तर तक राम के नाम पर लूट का खेल चल रहा है।

कांग्रेस सामूहिक नेतृत्व में लड़ेगी चुनाव

विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व को लेकर पूछे गए सवाल पर भूपेश बघेल ने कहा कि पार्टी सामूहिक नेतृत्व के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने अपने अंदाज में कहा, “कका अभी जिंदा हे… और कका का तेवर भी बरकरार रहेगा,” लेकिन चुनाव पूरी पार्टी मिलकर लड़ेगी।

किसानों की परेशानी गिनाकर सरकार को घेरा

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश का किसान तीनहरी मार झेल रहा है। एक तरफ मौसम की मार, दूसरी तरफ पेट्रोल-डीजल संकट और नकली खाद की समस्या ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इसके अलावा बिजली के बढ़े हुए बिल भी लोगों के लिए बड़ा झटका साबित हो रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल खुलने के बावजूद बच्चों को अब तक किताबें और बस्ते नहीं मिले हैं, जिससे सरकार की व्यवस्था पर सवाल खड़े होते हैं।

कानून व्यवस्था पर उठाए गंभीर सवाल

भूपेश बघेल ने बिलासपुर सेंट्रल जेल में हुई चाकूबाजी की घटना को लेकर भी प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और व्यापारी से लेकर आम नागरिक तक कोई सुरक्षित नहीं है।

बघेल ने आरोप लगाया कि अपराधियों को भाजपा के विधायकों और नेताओं का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने कहा कि अब स्थिति ऐसी हो गई है कि जेल के अंदर बंद कैदी भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं, जो कानून व्यवस्था की खराब स्थिति को दर्शाता है।

राहुल गांधी को लेकर दिया बड़ा बयान

राहुल गांधी पर बोलते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा उन्हें बदनाम करने के लिए लाखों नहीं बल्कि अरबों रुपये खर्च कर चुकी है। उन्होंने दावा किया कि जैसे ही राहुल गांधी बोलना शुरू करते हैं, भाजपा का पूरा संगठन सक्रिय हो जाता है।

बघेल ने कहा कि यदि भाजपा किसी नेता से सबसे ज्यादा डरती है तो वह केवल राहुल गांधी हैं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com