जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं: AC कंप्रेसर ब्लास्ट से पिता की मौत, बेटा गंभीर

रायगढ़। जिले के चक्रधर नगर थाना क्षेत्र स्थित अंबेडकर आवास ITI कॉलोनी में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। घर में लगे विंडो AC का कंप्रेसर फटने से कमरे में धुआं भर गया, जिससे एक व्यक्ति की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में घर के बाहर खड़ी दो बाइकें भी जलकर राख हो गईं।

जन्मदिन की रात हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, पुरुषोत्तम पटेल (45) अपने बेटे आर्यन पटेल (19) के साथ रहते थे। बुधवार को आर्यन का 19वां जन्मदिन था। परिवार ने दिनभर खुशी के साथ जन्मदिन मनाया और रात में खाना खाने के बाद दोनों सो गए। लेकिन तड़के करीब 3 बजे अचानक विंडो AC का कंप्रेसर तेज धमाके के साथ फट गया।

धमाके के बाद घर में भर गया धुआं

कंप्रेसर फटने के बाद निकली आग की चिंगारियां घर के बाहर खड़ी दो बाइकों तक पहुंच गईं, जिससे उनमें आग लग गई। वहीं घर के मुख्य दरवाजे के पास भी धुआं और आग फैल गई। छोटे कमरे में कुछ ही मिनटों में घना धुआं भर गया, जिससे पिता और पुत्र बाहर नहीं निकल सके।

पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़कर निकाला बाहर

तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। उन्होंने देखा कि घर के बाहर खड़ी बाइकें जल रही हैं। इसके बाद तत्काल डायल-112 और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर घर का दरवाजा तोड़ा और दोनों को बाहर निकाला।

अस्पताल पहुंचने से पहले पिता ने तोड़ा दम

दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक पुरुषोत्तम पटेल की दम घुटने से मौत हो चुकी थी। वहीं गंभीर रूप से झुलसे और घायल आर्यन पटेल को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com