राजस्थान सहित 16 राज्यों में CBI की रेड:डिजिटल अरेस्ट के 200 केस में गिरोह पर शिकंजा; 80 से ज्यादा ठिकानों पर छापे

केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की ओर से राजस्थान सहित 16 राज्यों में रेड डाली गई। डिजिटल अरेस्ट गिरोह पर शिकंजा कसते हुए 80 से ज्यादा ठिकानों पर गुरुवार सुबह छापेमारी की गई। सीबीआई ने गिरोह के दो बदमाशों को अरेस्ट किया है।

सीबीआई के मुताबिक- राजस्थान सहित देश के 16 राज्यों में एक साथ कार्रवाई करते हुए 80 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की। ऑपरेशन चक्र-6 के तहत गठित 60 विशेष टीमों ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

सीबीआई रेड की कार्रवाई डिजिटल अरेस्ट ठगी के 200 से अधिक मामलों में जुड़े नेटवर्क को तोड़ने के लिए की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी शेल कंपनियां बनाकर और फेक (म्यूल) बैंक अकाउंट संचालित कर साइबर फ्रॉड की करीब 2 करोड़ रुपए की अवैध कमाई को ठिकाने लगा रहे थे। मामले में चेन्नई और कोलकाता से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार- इस नेटवर्क के बदमाशों की ओर से भारत के साथ अन्य देशों के लोगों को भी निशाना बनाने की संभावना है। संबंधित देशों की कानून प्रवर्तन एजेंसियों को भी इसकी जानकारी दी जा रही है।

सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट से मिलता बनाया था फेक डोमेन

जांच एजेंसी ने बताया- हाल ही सुप्रीम कोर्ट की ऑफिशियल वेबसाइट से मिलता-जुलता एक फेक डोमेन भी सामने आया था। फ्रॉड गैंग इसी वेबसाइट का यूज कर लोगों को डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर ठगी करते थे। सुप्रीम कोर्ट रजिस्ट्री की शिकायत पर CBI ने FIR दर्ज कर जांच शुरू की थी। टेक्निकल जांच और फोरेंसिक एनालिसिस के बाद CBI ने देश और विदेश में फैले इस साइबर नेटवर्क के इम्पोटेंट लिंक की पहचान की थी।

जांच में यह भी पता चला कि आरोपी अदालतों और विभिन्न कानून प्रवर्तन एजेंसियों के नाम से फेक आदेश और डॉक्यूमेंट तैयार कर पीड़ितों को असली कार्रवाई का झांसा देते थे।

छापेमारी के दौरान कई आपत्तिजनक दस्तावेज, डिजिटल उपकरण, मोबाइल फोन और बैंक लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड जब्त किए गए हैं। इनकी फोरेंसिक जांच जारी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com