भिलाई के कोचिंग सेंटरों में सुरक्षा पर बड़ा सवाल! संकरे रास्ते, बंद निकास; 8 संस्थान सील

भिलाई में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले कई कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई है। प्रशासन, नगर निगम और एसडीआरएफ की संयुक्त जांच में पाया गया कि कई कोचिंग सेंटरों में छात्रों की सुरक्षा के लिए जरूरी व्यवस्थाएं नहीं हैं। जांच के बाद अब तक आठ कोचिंग संस्थानों को सील किया जा चुका है, जबकि 70 से अधिक कोचिंग सेंटरों को नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।

जांच में सामने आई गंभीर लापरवाही

निरीक्षण के दौरान कई कोचिंग संस्थानों में छोटे-छोटे कमरों में बड़ी संख्या में छात्रों को बैठाकर पढ़ाया जाता मिला। कई तीन मंजिला इमारतों में आने-जाने के लिए केवल एक संकरा रास्ता था। खिड़कियों पर लोहे की ग्रिल लगी हुई थी और भवनों के बाहर बड़े-बड़े फ्लैक्स लगे मिले। कई जगह छत तक जाने वाले गेट भी बंद पाए गए। ऐसी स्थिति में आग या किसी अन्य आपातकालीन घटना के दौरान छात्रों के सुरक्षित बाहर निकलने में गंभीर परेशानी हो सकती है।

70 से अधिक कोचिंग सेंटरों को नोटिस

संयुक्त टीम ने भिलाई के 70 से अधिक कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया। जांच में अधिकांश संस्थानों में अग्नि सुरक्षा और आपदा प्रबंधन से जुड़े नियमों का पालन नहीं पाया गया। प्रशासन ने सभी संबंधित संस्थानों को नोटिस जारी कर निर्धारित समय के भीतर सुरक्षा व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार पिछले वर्ष भी कई संस्थानों को नोटिस दिए गए थे, लेकिन अधिकांश संचालकों ने आवश्यक सुधार नहीं किए।

नियमों के पालन में होगी सख्ती

जिला अग्निशमन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। अब तक आठ कोचिंग सेंटरों को सील किया जा चुका है और आने वाले दिनों में नियमों का पालन नहीं करने वाले अन्य संस्थानों पर भी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि सभी कोचिंग सेंटरों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता न हो।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com