नींद में छिपा सच! ड्राइवर सुसाइड केस में 2 वीडियो गायब होने का दावा, परिवार ने उठाए जांच पर सवाल

ड्राइवर ताम्रध्वज साहू आत्महत्या मामले में अब नया मोड़ सामने आया है। परिजनों ने दावा किया है कि आत्महत्या से पहले इंस्टाग्राम पर अपलोड किए गए आठ वीडियो में से दो वीडियो गायब हो गए हैं। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए आरोप लगाया है कि सोशल मीडिया से अहम साक्ष्य हटाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
हादसे के बाद लगाया था मारपीट का आरोप
11 जून को जगदलपुर-बीजापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मेटाडोर चालक ताम्रध्वज साहू उर्फ सोनू की मर्सिडीज कार से टक्कर हो गई थी। हादसे के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ। आत्महत्या से पहले जारी किए गए वीडियो में ताम्रध्वज ने आरोप लगाया था कि कार सवारों ने उसके साथ मारपीट की और परिवार को जान से मारने की धमकी दी। उसने यह भी कहा था कि वाहन का ब्रेक पूरी तरह काम नहीं कर रहा था, जिसके कारण हादसा हुआ। घटना के कुछ समय बाद उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
परिजनों ने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की
मृतक के परिजनों का कहना है कि आत्महत्या से पहले इंस्टाग्राम पर कुल आठ वीडियो अपलोड किए गए थे, लेकिन अब केवल छह वीडियो ही दिखाई दे रहे हैं। परिवार का आरोप है कि दो वीडियो और कुछ पोस्ट हटा दिए गए हैं। मृतक की मां ने कहा कि बेटे की मौत से पहले की पूरी सच्चाई सामने लाई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। वहीं ड्राइवर संगठनों ने भी चेतावनी दी है कि यदि निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
पुलिस बोली- सभी पहलुओं की जांच जारी
मामले की जांच कर रही पुलिस ने बताया कि आत्महत्या प्रकरण में मर्ग कायम कर परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, सड़क दुर्घटना को लेकर किसी भी पक्ष ने पहले शिकायत दर्ज नहीं कराई थी और दोनों वाहनों के दस्तावेज वैध पाए गए थे। अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पोस्ट, मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।











