‘नशेड़ी से शादी नहीं करूंगी’: दुल्हन ने सबके सामने तोड़ी शादी, दूल्हे को थप्पड़ जड़ने के बाद SP ने किया सम्मानित

जांजगीर-चांपा, 26 जून 2026। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक शादी उस वक्त टूट गई, जब दूल्हा शराब के नशे में धुत होकर बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंचा। दूल्हे की हालत देखकर दुल्हन मुस्कान प्रधान ने न सिर्फ शादी से इनकार कर दिया, बल्कि उसे थप्पड़ भी जड़ दिए। इस घटना के बाद बारात बिना दुल्हन के लौट गई। युवती के साहसिक फैसले की जिलेभर में सराहना हो रही है।

जानकारी के अनुसार, चांपा थाना क्षेत्र के ग्राम कोसमंदा निवासी मुस्कान प्रधान की शादी ग्राम खोखरा निवासी संत कुमार से तय हुई थी। 23 जून को बारात दुल्हन के घर पहुंची। द्वार पूजा की रस्म के दौरान दूल्हा शराब के नशे में इतना धुत था कि वह ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। यह देखकर मुस्कान ने तुरंत शादी से इनकार कर दिया।

बताया जा रहा है कि दूल्हा सगाई के समय भी शराब पीकर पहुंचा था। इस बार उसकी हालत देखकर मुस्कान ने साफ कहा कि वह अपनी जिंदगी किसी नशेड़ी के साथ नहीं बिताएगी। इस दौरान उसने दूल्हे को दो-तीन थप्पड़ भी मारे, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।

स्थिति बिगड़ने पर चांपा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कराया। इसके बाद बारात बिना शादी के वापस लौट गई।

घटना की जानकारी मिलने पर जांजगीर-चांपा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने मुस्कान प्रधान और उसके परिवार को सम्मानित किया। उन्हें प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर नशे के खिलाफ साहसिक कदम उठाने के लिए बधाई दी। साथ ही मुस्कान को महिला परिवार परामर्श केंद्र में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के यूथ आइकन के रूप में 5 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय पर जिम्मेदारी देने की घोषणा भी की।

मुस्कान ने कहा कि शादी जीवन का सबसे बड़ा फैसला होता है। किसी भी लड़की को दबाव में आकर समझौता नहीं करना चाहिए और शादी से पहले लड़के के व्यवहार व आदतों की पूरी जानकारी जरूर लेनी चाहिए। वहीं, उसकी मां ने बेटी के फैसले पर गर्व जताते हुए कहा कि बेटियों को सही और गलत के बीच फैसला लेने की आजादी और हिम्मत मिलनी चाहिए।

यह घटना सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग मुस्कान के फैसले को महिलाओं के आत्मसम्मान और नशे के खिलाफ मजबूत संदेश के रूप में देख रहे हैं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com