बेगूसराय: कहानी एक लड़के और किन्नर के प्यार की, समाज से बगावत कर की शादी, घरवालों को चिंता- वंश कैसे बढ़ेगा?

बिहार के बेगूसराय से प्रेम और रिश्ते की एक ऐसी कहानी सामने आई है, जिसकी चर्चा अब हर तरफ हो रही है. यहां एक युवक को एक किन्नर से प्यार हो गया. परिवार और समाज की नाराजगी के बावजूद दोनों ने करीब 5 साल पहले कोर्ट मैरिज कर ली थी. अब लंबे इंतजार के बाद परिवार ने भी इस रिश्ते को स्वीकार कर लिया और दोनों की दोबारा पूरे हिंदू रीति-रिवाज से शादी कराई गई.
यह अनोखी प्रेम कहानी बेगूसराय जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के संजात गांव और मंझौल थाना क्षेत्र से जुड़ी हुई है. संजात निवासी विकास ठाकुर नाटक मंडली से जुड़े हुए थे. इसी दौरान एक कार्यक्रम के सिलसिले में वह मंझौल पहुंचे थे, जहां उनकी मुलाकात सुशीला नाम की एक किन्नर से हुई.
दोस्ती से रिश्ता प्यार में बदला
पहली नजर में ही विकास को सुशीला पसंद आ गई. इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे यह रिश्ता दोस्ती से प्यार में बदल गया. दोनों ने एक-दूसरे से मोबाइल नंबर साझा किए और लंबे समय तक बातचीत करते रहे. समय के साथ दोनों का प्यार और मजबूत होता गया.
जब दोनों ने शादी करने का फैसला लिया तो परिवार की तरफ से सहमति नहीं मिली. समाज और रिश्तेदारों के विरोध के बावजूद दोनों ने अपने रिश्ते को निभाने का फैसला किया. करीब 5 साल पहले दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली और साथ रहने लगे.
दोनों की दोबारा धूमधाम से हुई शादी
समय बीतने के बाद परिवार ने भी दोनों के प्यार और रिश्ते को स्वीकार कर लिया. इसके बाद परिवार की मौजूदगी में दोनों की दोबारा धूमधाम से शादी कराई गई. हिंदू रीति-रिवाज से हुई इस शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए, जिसके बाद यह प्रेम कहानी लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई.
विकास और सुशीला इस शादी से काफी खुश हैं. दोनों ने सोशल मीडिया पर भी अपनी खुशी जाहिर की और बताया कि लंबे संघर्ष के बाद आखिरकार उन्हें परिवार का साथ मिल गया. हालांकि, इस रिश्ते को लेकर परिवार के सामने एक चिंता भी बनी हुई है. दरअसल, विकास अपने परिवार के इकलौते बेटे हैं. ऐसे में उनके माता-पिता को भविष्य और परिवार के वंश को आगे बढ़ाने को लेकर चिंता सता रही है.











