कोरबा में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, आरोपी फरार

कोरबा जिले में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज पीड़िता अपने परिजनों के साथ पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंची और तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए आवेदन सौंपा। पीड़िता ने मामले में पुलिस की कथित ढिलाई पर भी सवाल उठाए हैं।
पीड़िता ने बताया कि उसकी पहचान निखिल रजक नामक युवक से एक सहेली के माध्यम से हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाया, जिसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं।
घर बुलाकर दुष्कर्म करने का आरोप
युवती का आरोप है कि आरोपी ने उसे अपने परिजनों से मिलवाने के बहाने घर बुलाया। उस समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। इसी दौरान आरोपी ने जबरन शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शादी करने का आश्वासन दिया।
पीड़िता के मुताबिक, आरोपी लंबे समय तक शादी का वादा करता रहा और इसी भरोसे पर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। जब उसने शादी की बात दोबारा उठाई तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया।
जातिसूचक गाली देने का भी आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि शादी की बात करने पर आरोपी ने उसके साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित किया। इस संबंध में उसने महिला थाना और दर्री थाना में शिकायत दर्ज कराई थी।
गिरफ्तारी नहीं होने से नाराजगी
युवती का कहना है कि शिकायत दर्ज होने के बावजूद अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस केवल आश्वासन दे रही है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। इसी से नाराज होकर वह अपने परिजनों के साथ एसपी कार्यालय पहुंची और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
लापरवाही की जांच की भी मांग
पीड़िता ने मांग की है कि यदि मामले में किसी स्तर पर पुलिस या अन्य जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।
वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।











