पॉलीथिन कार्रवाई पर बवाल: निगम कर्मचारी को फोन पर गाली-गलौज और धमकी, महिला पार्षद के देवर पर FIR

बिलासपुर, 27 जून 2026

नगर निगम की स्वच्छता टीम के साथ गाली-गलौज और धमकी देने के मामले में सिरगिट्टी थाना पुलिस ने महिला पार्षद के देवर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक (पॉलीथिन) के खिलाफ चलाए जा रहे नगर निगम के अभियान के दौरान हुई।

जानकारी के अनुसार, नगर निगम की स्वच्छता पेट्रोलिंग टीम शुक्रवार को सिरगिट्टी क्षेत्र में प्रतिबंधित पॉलीथिन के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान यदुनंदन नगर, तिफरा स्थित एक डेयरी दुकान से करीब पांच किलो प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान दुकानदार ने वार्ड क्रमांक-6 की पार्षद सीमा संजय सिंह के देवर मुन्ना सिंह से स्वच्छता निरीक्षक पवन चौहान की मोबाइल पर बात कराई।

आरोप है कि बातचीत के दौरान मुन्ना सिंह ने निगम कर्मचारी के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जुर्माना नहीं देने की बात कही और कार्रवाई करने पर धमकी दी। घटना के बाद निगम कर्मचारियों ने ऑडियो रिकॉर्डिंग के साथ सिरगिट्टी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मुन्ना सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com