मानसून ने पकड़ी रफ्तार, अगले 3-4 दिनों में पूरे छत्तीसगढ़ में दस्तक के आसार

छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां तेज होने लगी हैं और मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक प्रदेश के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले तीन से चार दिनों के भीतर राज्य के शेष क्षेत्रों तक पहुंच सकता है। इसके साथ ही कई जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। राजधानी रायपुर के कई इलाकों में तेज बारिश हुई, जबकि कुछ स्थानों पर मौसम शुष्क बना रहा। मुंगेली में सबसे अधिक 50 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा दरभा में 40 मिमी तथा गुंडरदेही, अर्जुंदा और कोंटा में 30-30 मिमी बारिश दर्ज की गई। रायगढ़, अकलतरा, प्रेमनगर, मनोरा, करपावंड, पथलगांव, अहिवारा, गुरूर, दुर्ग और दोरनापाल समेत कई क्षेत्रों में 20 मिमी तक वर्षा हुई।

मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल मानसून प्रदेश के लगभग 80 प्रतिशत हिस्से को कवर कर चुका है। हालांकि, कई जिलों में अब भी सामान्य से काफी कम बारिश दर्ज की गई है। राजनांदगांव समेत कई जिलों में वर्षा की कमी 80 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जबकि बस्तर संभाग में अपेक्षाकृत बेहतर स्थिति होने के बावजूद सामान्य से कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।

मानसून अब तक रायपुर, दुर्ग, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, बेमेतरा, कबीरधाम, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर सहित 18 से अधिक जिलों में पहुंच चुका है। वहीं सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, जशपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और रायगढ़ में अगले 48 घंटों के भीतर मानसून के प्रवेश की संभावना जताई गई है।

बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो बस्तर में सामान्य 142.7 मिमी के मुकाबले 74.8 मिमी वर्षा हुई है, जबकि दंतेवाड़ा और सुकमा में भी सामान्य से करीब 54 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई। वहीं रायपुर, धमतरी, दुर्ग, महासमुंद और बलौदाबाजार जैसे मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों में भी सामान्य से काफी कम वर्षा हुई है। सबसे गंभीर स्थिति राजनांदगांव में रही, जहां सामान्य 100.3 मिमी के मुकाबले केवल 8.3 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो करीब 92 प्रतिशत की कमी दर्शाती है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, बिजली चमकने के समय खुले स्थानों से दूर रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com