छत्तीसगढ़ में चार दिन भारी बारिश का अलर्ट, बेमेतरा में दीवार गिरने से दो बहनों की मौत

छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक अच्छी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों में मानसून पूरे प्रदेश में सक्रिय हो जाएगा। इस दौरान कई जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। सोमवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा का अनुमान है।
बारिश के बीच बेमेतरा जिले के राऊरपुर गांव में बड़ा हादसा हो गया। लगातार बारिश के कारण एक कच्चे मकान की दीवार ढह गई, जिसकी चपेट में आंगन में खेल रही दो सगी बहनें वंशिका कोसले (12) और राधिका कोसले (9) आ गईं। मलबे में दबने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला घायल हो गई। बताया गया कि परिवार ने नया मकान बना लिया था, लेकिन पुराने कच्चे घर की दीवार नहीं हटाई गई थी, जो बारिश के चलते भरभराकर गिर गई।
वहीं, सुकमा जिले के कुकानार गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य युवक घायल हो गए। सभी खेत में काम करने के बाद बारिश से बचने के लिए इमली के पेड़ के नीचे बैठे थे। इसी दौरान बिजली गिरने से सभी झुलस गए। घायलों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अजय नाग ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून प्रदेश के 18 से अधिक जिलों में पहुंच चुका है, जबकि शेष जिलों में अगले 48 घंटों के भीतर इसके पहुंचने की संभावना है। रायपुर में सोमवार को बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने तथा अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
हालांकि मानसून की सक्रियता बढ़ रही है, लेकिन प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अब भी सामान्य से काफी कम वर्षा दर्ज की गई है। कई जिलों में 70 से 90 प्रतिशत तक बारिश की कमी बनी हुई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचने तथा आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।











