भतीजों ने ताई पर ट्रैक्टर चढ़ाया, मौत:खेत जोतने को लेकर हुआ था झगड़ा, 2 साल से चल रहा था विवाद

फलोदी के राणेरी गांव में जमीनी विवाद में भतीजों ने ताई पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। घटना में महिला की मौत हो गई। विवाद खेत जोतने को लेकर हुआ था।
मृतका के बेटे ने 6 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। घटना सोमवार सुबह 7 बजे की है।
2 साल से जमीन को लेकर चल रहा विवाद
बाप थानाधिकारी रमेश ढाका ने बताया- दो भाई सावराराम और मगनाराम के बीच दो साल से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार सुबह सावराराम और उसके बेटे खेत जोतने के लिए ट्रैक्टर लेकर पहुंचे थे। हमने उनको खेत जोतने से रोका, इसी बीच झगड़ा बढ़ गया और सावराराम के बेटों ने मगनाराम की पत्नी शांति विश्नोई (60) पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया।
घटना में शांति गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे फलोदी जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद शव को मॉर्च्युरी में रखवा दिया।
6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया
मृतका के बेटे सुभाष ने बाप पुलिस थाने में छह लोगों के खिलाफ हत्या का नामजद मामला दर्ज कराया है। रिपोर्ट में सावराराम के बेटों रमेश, श्यामलाल और विकास, उसकी पत्नी सोमारी समेत दो अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों ने बताया कि करीब एक साल पहले भी बुआई को लेकर विवाद हुआ था, लेकिन तब गांव के लोगों ने इसे सुलझाने का प्रयास किया था, जो सफल नहीं हो सका था।











