सरकारी दफ्तर जाने की जरूरत खत्म! WhatsApp पर मिलेगी आयुष्मान योजना की हर सुविधा

नई दिल्ली। आयुष्मान भारत योजना के करोड़ों लाभार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने एक बड़ी डिजिटल पहल की है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने सोमवार को PM-JAY (प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना) का नया WhatsApp चैटबॉट ‘आयुष्मान सारथी’ लॉन्च किया। इस सुविधा के जरिए अब लाभार्थी घर बैठे WhatsApp पर ही आयुष्मान योजना से जुड़ी तमाम सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।

24 घंटे उपलब्ध रहेगी सेवा

सरकार के अनुसार, आयुष्मान सारथी चैटबॉट सप्ताह के सातों दिन और 24 घंटे उपलब्ध रहेगा। इससे लोगों को आयुष्मान कार्ड बनवाने, जानकारी प्राप्त करने या शिकायत दर्ज कराने के लिए सरकारी कार्यालयों और कॉल सेंटर के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। यह चैटबॉट सीधे PM-JAY सिस्टम से जुड़ा है, जिससे रियल टाइम में जानकारी उपलब्ध होगी।

WhatsApp पर मिलेंगी कई महत्वपूर्ण सुविधाएं

आयुष्मान सारथी के माध्यम से लाभार्थी योजना में अपनी पात्रता जांच सकेंगे। इसके अलावा आयुष्मान कार्ड बनाना और डाउनलोड करना, ई-केवाईसी दोबारा करना, आधार लिंक करना, कार्ड लॉक और अनलॉक करना जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।

साथ ही 70 वर्ष या उससे अधिक उम्र के लोगों के लिए आयुष्मान वय वंदना कार्ड की जानकारी, वॉलेट बैलेंस और इलाज का रिकॉर्ड देखने की सुविधा भी मिलेगी।

अस्पताल खोजने से लेकर शिकायत दर्ज करने तक की सुविधा

चैटबॉट के जरिए लाभार्थी अपने आसपास के सूचीबद्ध (एम्पैनल्ड) अस्पतालों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। यदि किसी प्रकार की समस्या आती है तो शिकायत दर्ज करने, शिकायत की स्थिति जानने और जरूरत पड़ने पर शिकायत वापस लेने की सुविधा भी मिलेगी।

इसके अलावा कॉल बैक का अनुरोध करने और अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद सेवाओं पर फीडबैक देने का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा।

ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को होगा सबसे अधिक लाभ

सरकार का मानना है कि आयुष्मान सारथी स्वास्थ्य सेवाओं को पहले से अधिक आसान, तेज और पारदर्शी बनाएगा। खासकर ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोगों को इसका बड़ा फायदा मिलेगा, क्योंकि अब उन्हें छोटी-छोटी जानकारी के लिए अस्पताल या हेल्प डेस्क तक नहीं जाना पड़ेगा।

ऐसे करें आयुष्मान सारथी का इस्तेमाल

लाभार्थी WhatsApp पर +91 72908 23838 नंबर पर “Hi” भेजकर आयुष्मान सारथी सेवा का उपयोग शुरू कर सकते हैं। इसके अलावा आधिकारिक QR कोड स्कैन करके भी इस सुविधा तक पहुंचा जा सकता है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com