सरगुजा-रायगढ़ दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ,रामगढ़ महोत्सव के समापन समारोह में शामिल होंगे

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सरगुजा और रायगढ़ जिले के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह राजधानी रायपुर में महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होंगे, इसके बाद सरगुजा जिले के उदयपुर पहुंचकर ऐतिहासिक रामगढ़ महोत्सव के समापन समारोह में भाग लेंगे। शाम को वे रायगढ़ होते हुए वापस रायपुर लौटेंगे।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की बैठक
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री निवास में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक लेंगे। बैठक में विभागीय योजनाओं, खेल अधोसंरचना के विकास और युवाओं से जुड़े कार्यक्रमों की प्रगति पर चर्चा की जाएगी।
रामगढ़ महोत्सव के समापन समारोह में होंगे शामिल
बैठक के बाद मुख्यमंत्री सुबह 11:40 बजे सरगुजा जिले के उदयपुर के लिए रवाना होंगे। वे दोपहर 12:50 बजे झिरमिति स्टेडियम हेलीपैड पहुंचेंगे और इसके बाद दोपहर 1 बजे रामगढ़ महोत्सव के समापन समारोह में शामिल होंगे।
रामगढ़ महोत्सव अपनी 50 वर्षों की गौरवशाली परंपरा के लिए जाना जाता है। भगवान श्रीराम के वनवास काल से जुड़ी आस्था और सांस्कृतिक विरासत को समर्पित इस आयोजन में प्रदेशभर से श्रद्धालु, कलाकार और संस्कृति प्रेमी शामिल होते हैं।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों का लेंगे आनंद
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री साय विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का अवलोकन करेंगे। लोक कला, लोक नृत्य और पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से क्षेत्र की समृद्ध विरासत का प्रदर्शन किया जाएगा।
रायगढ़ दौरे के बाद लौटेंगे रायपुर
रामगढ़ महोत्सव के कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री दोपहर 2:30 बजे रायगढ़ के लिए रवाना होंगे। वहां निर्धारित कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद वे शाम 5 बजे रायगढ़ से रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे और राजधानी लौटेंगे।











