अकोला में दिनदहाड़े नगरसेविका के पति की चाकू मारकर हत्या, अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम

अकोला शहर उस समय सनसनीखेज वारदात से दहल उठा, जब नए न्यायालय भवन के सामने कांग्रेस की नगरसेविका के पति याकूब खान पर एक व्यक्ति ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल याकूब खान को पहले तत्काल सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे शहर में तनाव और सनसनी का माहौल बन गया।
कोर्ट परिसर में चाकूबाजी के बाद आरोपी गिरफ्तार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने याकूब खान पर अचानक चाकू से कई वार किए। हमले के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी वहां से भागने का प्रयास करने लगा। उसी समय न्यायालय परिसर में मौजूद रामदासपेठ पुलिस थाने के मुख्य पुलिस शिपाई ढगेकर ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए स्थानीय नागरिकों की मदद से आरोपी का पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उसे पकड़ लिया।
इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर रामदासपेठ पुलिस थाने पहुंचाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। उपविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) सुदर्शन पाटिल ने बताया कि घटना के संबंध में भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं तथा हत्या के प्रयास के प्रावधानों के तहत प्रारंभिक अपराध दर्ज किया गया था।
हालांकि, याकूब खान की उपचार के दौरान मृत्यु होने के बाद मामले में हत्या की धाराएं भी जोड़ी जाएंगी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
नगरसेविका के पति की हत्या, पुराने विवाद के एंगल से जांच तेज
प्रारंभिक जांच में यह जानकारी सामने आई है कि आरोपी और याकूब खान के बीच पहले से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस इसी पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की विस्तृत जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे का वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
मृतक याकूब खान की पत्नी रफिया बी. याकूब पठान अकोला नगर निगम के प्रभाग क्रमांक 17 से कांग्रेस पार्टी की नगरसेविका हैं। घटना के बाद उनके समर्थकों और स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश देखा गया। पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है।











