29 साल की हुई RJD, लालू बोले- हम लड़ते रहेंगे:भरत एनकाउंटर पर गूंजा ‘नाही चाली तानाशाहीया’ गीत; नेताओं के लिए स्पेशल भोज

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) आज अपना 30वां स्थापना दिवस मना रहा है। पार्टी ने अपने 29 साल पूरे कर लिए हैं। पटना में पार्टी ऑफिस में लालू यादव ने कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने कहा, ‘हम लड़े हैं और आगे भी लड़ते रहेंगे।’
वहीं, तेजस्वी यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम सम्राट चौधरी को अगूठाछाप बताया। साथ ही उन्होंने बंगला विवाद पर भी प्रतिक्रिया दी। तेजस्वी ने कहा कि बेवजह इस मामले को तूल दिया जा रहा है और राजनीति की जा रही है।
स्थापना दिवस पर भरत एनकाउंटर की गूंज भी सुनाई दी। RJD ऑफिस पहुंचे छोटू छलिया ने कहा जब भरत ने सरेंडर कर दिया तो गोली नहीं मारनी चाहिए थी। बिहार को जातिवात में बांटकर रख दिया गया है। उन्होंने नाही चाली तोहरो तानाशाहीया, जागल बा बिहरिया…गीत भी सुनाया।
स्थापना दिवस को लेकर पार्टी ऑफिस की विशेष सजावट की गई है। रंग-बिरंगी लाइटें लगाई गई हैं। बाहर बड़े-बड़े पोस्टर, बैनर और और पार्टी के झंडे लगाए गए हैं। गर्मी को देखते हुए 11 AC,15 कूलर लगाए गए हैं। पार्टी ऑफिस के बाहर ढोल-नगाड़े बज रहे हैं।
बंगला विवाद पर तेजस्वी बोले- हम दो कमरों में भी रह सकते
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा, “हमें सुरक्षा नहीं चाहिए। मेरा जन्म सर्वेंट क्वार्टर में हुआ था। लालू जी भी दो कमरों के घर में रह चुके हैं। हम लोग भी दो कमरों में रह सकते हैं। हमें कोई दिक्कत नहीं है। अभी तक आप लोग हमें समझ नहीं पाए हैं।”
तेजस्वी ने आरोप लगाया, “जिन लोगों को सरकारी आवास रखने का अधिकार नहीं है, उनके पास भी सरकारी आवास है। स्पीकर के आवास में रामकृपाल यादव रह रहे हैं और डिप्टी सीएम के आवास में निशांत कुमार रह रहे हैं।”
उन्होंने कहा, “हमारे परिवार में जनप्रतिनिधि हैं, लेकिन यह भी बताइए कि चिराग पासवान के परिवार में भी सभी को घर चाहिए, जीतन राम मांझी के परिवार में भी चाहिए और उपेंद्र कुशवाहा के परिवार के लोगों को भी आवास चाहिए।”
तेजस्वी बोले- लालू नाम नहीं एक विचारधारा है
तेजस्वी ने कहा, “पार्टी को 30 साल हो गए हैं, लेकिन आज तक कोई इस पर उंगली नहीं उठा सकता। “यह संघर्ष करने वाली पार्टी है और मुझे पूरा विश्वास है कि हम सभी मिलकर लालू जी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएंगे।”











