टूटी पुलिया बनी मुसीबत, उफनती नदी पार कर स्कूल पहुंचने को मजबूर बच्चे

सूरजपुर जिले के प्रतापपुर विकासखंड के खड़गवा गुडरूडाण गांव में बारिश शुरू होते ही ग्रामीणों की परेशानियां बढ़ गई हैं। क्षेत्र की पुलिया क्षतिग्रस्त होने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली बच्चों को हो रही है, जिन्हें स्कूल पहुंचाने के लिए परिजनों को उफनती नदी पार करनी पड़ रही है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में परिजन छोटे बच्चों को गोद और कंधे पर बैठाकर तेज बहाव वाली नदी पार कराते नजर आ रहे हैं। पुलिया टूटने से ग्रामीणों के लिए बाजार, अस्पताल और अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंचना भी मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया की समस्या कई वर्षों से बनी हुई है। इस संबंध में कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। हर वर्ष बारिश के मौसम में यही स्थिति बन जाती है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उनका कहना है कि तेज बहाव के बीच बच्चों का नदी पार करना कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करने और क्षतिग्रस्त पुलिया का जल्द से जल्द निर्माण कराने की मांग की है।











