महिला सरपंच को जान से मारने की धमकी, हत्या जैसा कांड दोहराने की चेतावनी; मामला दर्ज

कोरिया जिले के सोनहत ग्राम पंचायत की महिला सरपंच ने पूर्व उपसरपंच और एक पंच पति पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। सरपंच की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पीड़िता का आरोप है कि शिकायत दर्ज होने के बाद भी आरोपियों ने उन्हें दोबारा धमकाया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

सरपंच मानमति सिंह के अनुसार, 30 जून को पंचायत भवन में आयोजित बैठक के दौरान पंच पति जयकरण साहू ने निजी ट्यूबवेल खनन का भुगतान पंचायत से कराने की मांग की। जब सरपंच ने इसे नियमों के विरुद्ध बताते हुए भुगतान से इनकार किया तो आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पूर्व उपसरपंच राजेंद्र प्रसाद साहू ने भी पंचायत परिसर में मौजूद लोगों के सामने अभद्र व्यवहार करते हुए धमकाया।

सरपंच ने घटना की शिकायत सोनहत थाने में दर्ज कराई। उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद 2 जुलाई को कलेक्टर कार्यालय के सामने राजेंद्र प्रसाद साहू ने उनका रास्ता रोककर फिर धमकी दी और कहा कि यदि शिकायत करना बंद नहीं किया तो “नौगईं जैसा कांड” कर दिया जाएगा। सरपंच का दावा है कि इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध है।

मानमति सिंह ने अपने और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, सरपंच का आरोप है कि मामला दर्ज होने के बावजूद अब तक आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com