अटैच शिक्षकों की वापसी से इग्नाइट स्कूल में पढ़ाई पर संकट, अभिभावकों ने जताई चिंता

बलौदाबाजार के इग्नाइट इंग्लिश मीडियम स्कूल में अटैच शिक्षकों को उनके मूल पदस्थापना स्थल पर भेजने के आदेश के बाद छात्रों की पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। स्कूल में पढ़ने वाले करीब 95 बच्चों के अभिभावकों ने शिक्षकों की वापसी पर चिंता जताते हुए सवाल उठाया है कि पर्याप्त शिक्षकों के बिना बच्चों की पढ़ाई कैसे संचालित होगी।
राज्य सरकार ने शासकीय कार्यालयों में अटैच शिक्षकों को उनके मूल पदस्थापना स्थल पर लौटने के निर्देश जारी किए हैं। हालांकि, बलौदाबाजार जिले में इस आदेश का असर उन शिक्षकों पर भी पड़ रहा है, जो स्कूलों में सेवाएं दे रहे थे। इग्नाइट इंग्लिश मीडियम स्कूल से तीन शिक्षिकाओं को उनके मूल विद्यालय भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जबकि वे किसी शासकीय कार्यालय में नहीं बल्कि विद्यालय में अध्यापन कार्य कर रही थीं।
जानकारी के अनुसार, इग्नाइट इंग्लिश मीडियम स्कूल में अब तक स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति नहीं हुई है। यहां दूसरे विद्यालयों से व्यवस्था के तहत शिक्षकों की सेवाएं ली जा रही थीं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के कई बच्चों ने बेहतर शिक्षा की उम्मीद में इस स्कूल में प्रवेश लिया है। ऐसे में शिक्षकों की वापसी से अभिभावकों के बीच बच्चों की पढ़ाई और भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई है।
मामले को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी से संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने फिलहाल इस विषय पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। वहीं अभिभावकों का कहना है कि जब तक स्कूल में नियमित शिक्षकों की नियुक्ति नहीं हो जाती, तब तक वर्तमान व्यवस्था बनाए रखी जानी चाहिए, ताकि छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो।











