कृषि विश्वविद्यालय के हॉस्टल की जर्जर छत गिरी, सो रहे छात्र घायल; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के छात्रावास में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। हॉस्टल के एक कमरे की जर्जर छत का प्लास्टर अचानक गिरने से कमरे में सो रहे चार छात्रों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में नीरज नामक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके सिर में चोट लगने के कारण टांके लगाने पड़े। वहीं अन्य छात्रों को भी मामूली चोटें आई हैं।

घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। प्लास्टर गिरने के बाद घायल छात्र को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार किया गया। हादसे के बाद छात्रावास की भवन सुरक्षा और रखरखाव को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

घटना के विरोध में शुक्रवार को एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कुलपति की गाड़ी के सामने लेटकर विरोध जताया और छात्रावासों की जर्जर स्थिति को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नाराजगी व्यक्त की।

छात्रों ने हॉस्टल भवनों की तत्काल मरम्मत, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और घटना की जिम्मेदारी तय कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से मामले की जांच और आवश्यक कदम उठाने की बात कही गई है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com