तूता में अतिक्रमण संबंधी शिकायतों पर नियमानुसार प्रक्रिया जारी, विस्थापन का कोई प्रस्ताव नहीं : एनआरडीए

रायपुर, 04 जुलाई 2026। नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण (एनआरडीए) ने ग्राम तूता में अतिक्रमण हटाने को लेकर सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर चल रही खबरों के बीच स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि वर्तमान में वहां किसी भी प्रकार के विस्थापन की कोई कार्यवाही प्रस्तावित नहीं है।

प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि एनआरडीए को प्राप्त अतिक्रमण संबंधी शिकायतों के आधार पर फिलहाल केवल नियमानुसार कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

प्राधिकरण के अनुसार, ग्राम तूता में अतिक्रमण की शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर विधिवत निरीक्षण कराया गया, जिसके बाद संबंधित पक्षों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए।

एनआरडीए ने बताया कि 2 जुलाई 2026 को ग्राम के प्रतिनिधियों और समाज के प्रमुख पदाधिकारियों ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी से मुलाकात कर इस विषय पर चर्चा की। बैठक में यह सहमति बनी कि गांव में सभी पक्षों की बैठक आयोजित कर आम सहमति बनाने का प्रयास किया जाएगा। इसके बाद पुनः प्राधिकरण के अधिकारियों से चर्चा कर लोकहित में समाधान निकाला जाएगा।

प्राधिकरण ने यह भी बताया कि ग्राम पंचायत की ओर से भी समय-समय पर गांव के विभिन्न स्थानों से अतिक्रमण हटाने के संबंध में पत्र दिए जाते रहे हैं। इसी प्रक्रिया के तहत संबंधित लोगों को प्राथमिक कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

प्राधिकरण ने कहा कि उसका उद्देश्य किसी के साथ अन्याय करना नहीं, बल्कि कानून के अनुसार सार्वजनिक हित में कार्य करना है। आगे का हर निर्णय नियमों के अनुरूप और पूरी संवेदनशीलता के साथ लिया जाएगा, ताकि विकास कार्य भी प्रभावित न हों और सभी पक्षों के हितों का भी ध्यान रखा जा सके।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com