प्रदेश के निशानेबाजों का महामुकाबला 11 जुलाई से, माना कैंप शूटिंग रेंज में होगी राज्य शूटिंग मीट

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश राइफल एसोसिएशन (CGPRA) के तत्वावधान में 25वीं छत्तीसगढ़ राज्य शूटिंग मीट का आयोजन अब 11 जुलाई से माना कैंप शूटिंग रेंज में किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रदेशभर के प्रतिभाशाली निशानेबाज अपनी सटीक निशानेबाजी का प्रदर्शन करेंगे। इसमें 10 मीटर, 25 मीटर और 50 मीटर राइफल एवं पिस्टल की विभिन्न स्पर्धाओं का आयोजन होगा, जिसमें अलग-अलग आयु वर्ग और श्रेणियों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
बारिश के कारण बदला गया प्रतियोगिता का कार्यक्रम
यह प्रतियोगिता पहले 8 जुलाई से शुरू होने वाली थी, लेकिन क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश और प्रतिकूल मौसम को देखते हुए आयोजन समिति ने खिलाड़ियों, अधिकारियों और तकनीकी स्टाफ की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रतियोगिता की तारीख में बदलाव किया। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब प्रतियोगिता 11 जुलाई से आयोजित होगी।
12 जुलाई को होगा अभ्यास और प्रशिक्षण सत्र
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए 12 जुलाई को विशेष प्रशिक्षण एवं अभ्यास सत्र आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रतिभागियों को शूटिंग रेंज की परिस्थितियों से परिचित कराया जाएगा और तकनीकी अभ्यास कराया जाएगा। अभ्यास सत्र के तुरंत बाद विभिन्न स्पर्धाओं के मुकाबले शुरू होंगे।











