54वें जन्मदिन पर सौरव गांगुली ने दिया फैंस को बड़ा तोहफा, बायोपिक का पोस्टर जारी

हैदराबाद। भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में शुमार सौरव गांगुली के 54वें जन्मदिन पर उनकी बहुप्रतीक्षित बायोपिक ‘दादा: द सौरव गांगुली स्टोरी’ का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। फिल्म में अभिनेता राजकुमार राव पूर्व भारतीय कप्तान की भूमिका निभाते नजर आएंगे। मेकर्स ने फिल्म का पहला पोस्टर भी जारी कर दिया है, जिसमें राजकुमार राव का लुक सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
लॉर्ड्स की यादें फिर होंगी ताजा
फिल्म के फर्स्ट लुक में राजकुमार राव उस ऐतिहासिक पल को दोहराते दिखाई दे रहे हैं, जब 13 जुलाई 2002 को नेट-वेस्ट ट्रॉफी जीतने के बाद सौरव गांगुली ने लॉर्ड्स की बालकनी में अपनी टी-शर्ट लहराकर जश्न मनाया था। भारतीय क्रिकेट इतिहास के इस यादगार दृश्य को बड़े पर्दे पर देखने के लिए फैंस काफी उत्साहित हैं।
2027 में ईद के मौके पर रिलीज होगी फिल्म
‘दादा: द सौरव गांगुली स्टोरी’ का निर्देशन विक्रमादित्य मोटवाने ने किया है। फिल्म का निर्माण लव रंजन और अंकुर गर्ग ने किया है, जबकि इसे T-Series और DBL प्रस्तुत करेंगे। यह फिल्म 14 मई 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जहां इसे ईद के लंबे वीकेंड का फायदा मिलने की उम्मीद है।
सौरव गांगुली ने जताई खुशी
बायोपिक का पोस्टर साझा करते हुए सौरव गांगुली ने सोशल मीडिया पर लिखा, “अब तक का सबसे बेहतरीन बर्थडे गिफ्ट। अब मुझे बड़े पर्दे पर अपना कवर ड्राइव देखने का इंतजार है।” उनके इस पोस्ट के बाद फैंस और क्रिकेट प्रेमियों ने फिल्म को लेकर उत्साह जताना शुरू कर दिया है।
शुरुआती संघर्ष से BCCI अध्यक्ष बनने तक की कहानी
यह बायोपिक सौरव गांगुली के क्रिकेट करियर, शुरुआती संघर्ष, भारतीय टीम की कप्तानी, ऐतिहासिक उपलब्धियों और बाद में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अध्यक्ष बनने तक के सफर को बड़े पर्दे पर दिखाएगी। फिल्म का बजट भी काफी बड़ा बताया जा रहा है।











