भाजपा सहयोग केंद्र पहुंची 300 से अधिक लोगों की फरियाद, ओपी चौधरी ने अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय स्थित सहयोग केंद्र में मंगलवार को छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई शिविर में 300 से अधिक लोग अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर पहुंचे। वित्त मंत्री ने गंभीर मामलों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए 100 से अधिक आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कराया, जबकि शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजकर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों से सीधे बात कर कराया समाधान
मीडिया से चर्चा के दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बताया कि कई मामलों में संबंधित अधिकारियों से तत्काल फोन पर संपर्क कर समस्याओं का समाधान कराया गया। वहीं मांग संबंधी 100 से अधिक आवेदनों को संबंधित विभागों तक भेजते हुए उनकी त्वरित कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कराई गई है।
सरकार की प्राथमिकता है त्वरित जनसमस्या समाधान
ओपी चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार आम नागरिकों की समस्याओं के शीघ्र और प्रभावी समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सहयोग केंद्र का उद्देश्य लोगों को एक ही स्थान पर अपनी समस्याएं रखने और उनके समाधान की प्रक्रिया को आसान बनाना है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में लगातार काम कर रही है।











