कोल लेवी केस में बड़ा मोड़: रामगोपाल अग्रवाल गिरफ्तार, पुलिस रिमांड की तैयारी में EOW

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोल लेवी घोटाले में आर्थिक अपराध शाखा (EOW) को बड़ी सफलता मिली है। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को हिरासत में ले लिया गया है। जांच एजेंसी उन्हें आज विशेष अदालत में पेश कर सकती है, जहां पुलिस रिमांड की मांग किए जाने की संभावना है। इस कार्रवाई को राज्य के चर्चित आर्थिक घोटालों की जांच में अहम कदम माना जा रहा है।
तीन साल से थे फरार, लगातार चल रही थी तलाश
जानकारी के मुताबिक रामगोपाल अग्रवाल पिछले करीब तीन वर्षों से जांच एजेंसियों की पकड़ से बाहर थे। आर्थिक अपराध शाखा (EOW) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) लगातार उनकी तलाश में जुटे हुए थे। आखिरकार एजेंसी ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
कोल लेवी के साथ अन्य घोटालों की भी जांच
सूत्रों के अनुसार जांच केवल कोल लेवी घोटाले तक सीमित नहीं है। एजेंसियां शराब घोटाला, कस्टम मिलिंग घोटाला और अन्य वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामलों में भी रामगोपाल अग्रवाल से पूछताछ कर रही हैं। जांच का फोकस पैसों के लेन-देन और कथित मनी ट्रेल को खंगालने पर है।
बेटे वैभव अग्रवाल से भी लगातार पूछताछ
इस मामले में EOW की कार्रवाई परिवार के अन्य सदस्यों तक भी पहुंच चुकी है। रामगोपाल अग्रवाल के बेटे वैभव अग्रवाल से पिछले दो दिनों से लगातार पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसी दोनों के बयानों और दस्तावेजों का मिलान कर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।











