1.7 करोड़ की नौकरी, लेकिन मकसद इंसान नहीं AI को बनाना एक्सपर्ट! OpenAI का बड़ा कदम

नई दिल्ली। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते प्रभाव के बीच अब इन्वेस्टमेंट बैंकिंग सेक्टर भी बदलाव की दहलीज पर है। सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, कस्टमर सपोर्ट और रिसर्च जैसे क्षेत्रों के बाद अब OpenAI ने इन्वेस्टमेंट बैंकिंग में AI की क्षमता बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने अपनी एप्लाइड AI टीम के लिए इन्वेस्टमेंट बैंकिंग विशेषज्ञ की भर्ती शुरू की है।

1.7 करोड़ रुपये तक का पैकेज

रिपोर्ट के अनुसार, इस पद के लिए सालाना 1.6 करोड़ से 1.7 करोड़ रुपये (185,000 से 205,000 डॉलर) तक की बेस सैलरी के साथ इक्विटी भी दी जाएगी। हालांकि, यह पारंपरिक बैंकिंग की नौकरी नहीं होगी। चयनित विशेषज्ञ का मुख्य काम AI मॉडल को इन्वेस्टमेंट बैंकिंग की कार्यप्रणाली समझाने और उसकी गुणवत्ता का मूल्यांकन करना होगा।

कैसे उम्मीदवार की तलाश?

कंपनी ऐसे उम्मीदवार की तलाश में है जिसके पास कम से कम दो साल का इन्वेस्टमेंट बैंकिंग अनुभव हो। उम्मीदवार को कंपनी और इंडस्ट्री रिसर्च, फाइनेंशियल एनालिसिस, वैल्यूएशन, ड्यू डिलिजेंस, डील एग्जीक्यूशन और क्लाइंट प्रेजेंटेशन तैयार करने का व्यावहारिक अनुभव होना चाहिए।

AI सीखेगा बैंकिंग के असली काम

OpenAI का उद्देश्य किसी बैंकिंग डील को संभालने के लिए कर्मचारी नियुक्त करना नहीं है। कंपनी ऐसे विशेषज्ञ चाहती है जो AI मॉडल को यह सिखा सके कि इन्वेस्टमेंट बैंकर वास्तविक दुनिया में कैसे काम करते हैं। इसके साथ ही विशेषज्ञ AI आधारित बैंकिंग कार्यों के लिए गुणवत्ता मानक तय करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com